विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सफर छोटा, टोल पूरा! KMP एक्सप्रेसवे पर फास्टैग की 'तकनीकी डकैती', 40 की जगह कट रहे 285 रुपये

Published: Mon, 21 Sep 2026 06:00 AM (IST)

केएमपी एक्सप्रेसवे पर वाहन चालकों को कम दूरी की यात्रा के लिए भी पूरे एक्सप्रेसवे का टोल चुकाना पड़ रहा ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

HighLights

  1. केएमपी एक्सप्रेसवे पर कम दूरी की यात्रा पर भी पूरा टोल।

  2. फास्टैग से अतिरिक्त टोल कटने से वाहन चालक परेशान, आर्थिक नुकसान।

  3. मंत्री राव नरबीर सिंह ने समस्या समाधान का आश्वासन दिया।

हरीश भौरिया, खरखौदा (सोनीपत)। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर कम दूरी की यात्रा करने वाले वाहन चालकों की जेब पर अतिरिक्त टोल का भार पड़ने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। वाहन चालकों का आरोप है कि वे एक्सप्रेसवे पर कुछ किलोमीटर की दूरी तय कर बाहर निकलते हैं, लेकिन उनके फास्टैग से पूरे केएमपी का टोल काट लिया जाता है।

इससे रोजाना एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। टोल कटने का मैसेज अगले दिन आने पर वाहन चालक शिकायत तक नहीं कर पा रहे। मंत्री राव नरबीर सिंह ने इस पर संज्ञान लेकर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।

वाहन चालकों के अनुसार पिपली टोल प्लाजा से प्रवेश करने के बाद कुंडली टोल प्लाजा या बहादुरगढ़ की ओर जाने पर भी कई बार जीरो प्वाइंट से पलवल तक की पूरी दूरी का टोल काट लिया जाता है। कुंडली की ओर जाने पर जहां करीब 40 रुपये टोल बनता है, वहीं फास्टैग से 285 रुपये तक काटे जाने की शिकायतें मिल रही हैं।

इसी प्रकार बहादुरगढ़ टोल प्लाजा से एंट्री कर पिपली टोल प्लाजा पर आने पर भी 205 रुपये टोल काटा जा रहा है, जबकि इस दूरी की कार की टोल राशि सिर्फ 40 रुपये बनती है। कम दूरी के बावजूद अधिक टोल कटने की परेशानी का सामना लंबे समय से वाहन चालक करते आ रहे हैं। रोजाना हजारों वाहन चालकों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है।

कैमरे नहीं कर पा रहे नंबर प्लेट स्कैन

टोल प्रबंधन बहाना बना रहा कि टोल क्रास करने के बाद फास्टैग रिचार्ज करने की स्थिति में ऐसी समस्या आती है। हालांकि वाहन चालकों का कहना है कि फास्टैग में पर्याप्त राशि होने और पहले से रिचार्ज होने के बावजूद अतिरिक्त टोल कट रहा है।

यह भी पढ़ें- करनाल में बस्ताड़ा टोल प्लाजा के पास कार-स्कूटी की भिड़ंत, एक की युवक मौत और दूसरा घायल; हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम

यह भी पढ़ें- भागलपुर की बदलती तस्वीर: जिच्छो टोल प्लाजा होगा बंद, खगरा में बनेगा 8-लेन का नया टोल

टोल व्यवस्था से जुड़े लोगों की ओर से इसकी वजह कैमरों द्वारा वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन नहीं कर पाना बताई जा रही है। एंट्री दर्ज नहीं होने के कारण सिस्टम वाहन की वास्तविक दूरी नहीं पकड़ पाता और पूरी दूरी का टोल कट जाता है, लेकिन बीते माह साफ्टवेयर अपडेट किए जाने के बाद भी केएमपी एक्सप्रेसवे पर ज्यादा टोल कटने की समस्या का हल नहीं हो सका है।

अगले दिन आता है ज्यादा टोल कटने का मैसेज

सबसे बड़ी परेशानी यह है कि जायज टोल राशि कटने का संदेश तो तत्काल मिल जाता है, लेकिन अतिरिक्त राशि कटने का संदेश कई बार अगले दिन पहुंचता है। ऐसे में वाहन चालक मौके पर ही इसकी जानकारी लेकर शिकायत नहीं कर पाते।

हजारोंं वाहन रोजाना केएमपी एक्स्रपेसवे से गुजरते हैं। ऐसे में यदि सिस्टम में तकनीकी खामी के कारण कम दूरी के वाहनों से पूरी दूरी का टोल कट रहा है तो इसका सीधा असर बड़ी संख्या में वाहन चालकों पर पड़ रहा है।

वाहन चालकों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान तभी होगा जब खराब या पर्याप्त रूप से नंबर प्लेट स्कैन नहीं कर पा रहे कैमरों को बदला जाएगा या साफ्टवेयर की खामी को ठीक से दूर किया जाएगा।

कम दूरी के लिए पूरे केएमपी एक्सप्रेसवे का टोल कटना गलत है। मेरे संज्ञान में यह मामला अभी आया है। इसमें टोल पर लगे कैमरों की खराबी हो सकती है। साेमवार को आदेश जारी कर इस समस्या का समाधान कराया जाएगा। किसी भी वाहन चालक को कम दूरी के लिए अधिक टोल नहीं देना पड़ेगा।

-

राव नरबीर सिंह, उद्योग मंत्री, हरियाणा