करनाल में बस्ताड़ा टोल प्लाजा के पास कार-स्कूटी की भिड़ंत, एक की युवक मौत और दूसरा घायल; हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम
बस्ताड़ा टोल प्लाजा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।

बस्ताड़ा टोल प्लाजा के पास सड़क हादसा।
HighLights
बस्ताड़ा टोल प्लाजा के पास दर्दनाक सड़क हादसा
स्कूटी सवार एक युवक की मौके पर मौत हुई
दूसरा युवक गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती है
जागरण संवाददाता, घरौंडा। बस्ताड़ा टोल प्लाजा के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कार और स्कूटी की आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद हुआ।
गंभीर रूप से घायल युवक को राहगीरों और पुलिस की मदद से एंबुलेंस के जरिए करनाल स्थित कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक कार पानीपत की ओर से करनाल की तरफ जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस्ताड़ा टोल प्लाजा के पास सामने से रॉन्ग साइड में आ रही स्कूटी ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार युवक उछलकर सड़क पर जा गिरा।
-1789557163895.webp)
इसी दौरान पीछे से आ रही कार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, स्कूटी पर सवार दूसरा युवक भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए हादसे से संबंधित जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
-1789557185497.webp)
दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को व्यवस्थित करवाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हुई।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में दोनों स्कूटी सवार युवकों के मेरठ, उत्तर प्रदेश के रहने वाले होने की बात सामने आई है। हालांकि, मृतक युवक की पहचान और अन्य विवरणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि स्कूटी रॉन्ग साइड में किस परिस्थिति में पहुंची और हादसे के समय वाहनों की गति सहित अन्य परिस्थितियां क्या थीं। हादसे की पूरी तस्वीर पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगी।
