खरखौदा में डेढ़ करोड़ की फैंसी लाइटें बनीं शोपीस, सड़कें रोशन करने के बजाय पसरा अंधेरा
खरखौदा में डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से लगाई गई फैंसी लाइटें अब कई जगह खराब पड़ी हैं और मात्र ...और पढ़ें

शहर के सोनीपत-सांपला मार्ग पर लगी फैंसी लाइट, जोकि बंद पड़ी हैं। जागरण
HighLights
खरखौदा में डेढ़ करोड़ की फैंसी लाइटें खराब पड़ी हैं।
सोनीपत-सांपला और दिल्ली मार्ग पर रात में अंधेरा रहता है।
नगर पालिका के रखरखाव और कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
संवाद सहयोगी, खरखौदा (सोनीपत)। शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए मुख्य सड़कों के किनारे लगाई गईं फैंसी लाइटें अब कई जगह शोपीस बनकर रह गई हैं। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से लगाई गई इन लाइटों का नगर पालिका की ओर से खूब बखान किया गया था।
लाइटें लगने के बाद कई बार इनके उद्घाटन कार्यक्रम भी किए गए, लेकिन अब खराब पड़ी लाइटों की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
शहर के सोनीपत-सांपला मार्ग पर कई स्थानों पर फैंसी लाइटें बंद पड़ी दिखाई देती हैं। वहीं दिल्ली मार्ग पर भी कुछ स्थानों पर लाइटें खराब हैं। शाम के समय जब इन लाइटों को रोशन होना चाहिए, उस समय कई जगह अंधेरा नजर आता है। ऐसे में जिस उद्देश्य से इन्हें लगाया गया था, वह पूरा होता नजर नहीं आ रहा है।
रखरखाव पर उठ रहे सवाल
शहर की मुख्य सड़कों को आकर्षक बनाने के साथ रात के समय रोशनी की बेहतर व्यवस्था के लिए फैंसी लाइटें लगाई गई थीं। उस समय इनके रखरखाव और नियमित संचालन को लेकर भी व्यवस्था होने की बात कही गई थी। अब जगह-जगह लाइटें खराब होने के बावजूद इन्हें ठीक नहीं किया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर भी खराब लाइटों को लेकर नगर पालिका का ध्यान दिलाया जा चुका है। इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। ऐसे में करोड़ों रुपये के विकास कार्य के बाद उनके रखरखाव को लेकर नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
दिल्ली मार्ग पर लगी फैंसी लाइट अभी ठेकेदार ने नपा को हेंडओवर नहीं की हैं, काम बाकी है। वहीं सोनीपत सांपला मार्ग पर एक जगह खुद नपा ने खोदाई की है और जन स्वास्थ्य विभाग व लोक निर्माण विभाग ने भी एक-एक जगह पर खोदाई कर फैंसी लाइट की केबल क्षतिग्रस्त कर दी है। जल्द ही इन पर काम करवाकर ठीक करवाया जाएगा।
