ट्रांस हिंडन में महीनों से खराब स्ट्रीट लाइटें, अंधेरे में डूबीं गलियां; सुरक्षा पर सवाल
ट्रांस हिंडन क्षेत्र में महीनों से खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक नहीं किया गया है, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी और सुरक्षा संबंधी चिंताएं हो रही हैं।

स्ट्रीट लाइट।
HighLights
ट्रांस हिंडन में महीनों से खराब स्ट्रीट लाइटें, लोग परेशान।
अंधेरे के कारण आवाजाही मुश्किल, चोरी और हादसों का डर।
महापौर के निर्देश के बावजूद नगर निगम की लापरवाही जारी।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। पथ पर प्रकाश की व्यवस्था अनसुनी की भेंट चढ़ रही है। ट्रांस हिंडन क्षेत्र में जगह-जगह खराब स्ट्रीट लाइटों को महीनों से ठीक नहीं कराया गया है। साहिबाबाद और इंदिरापुरम के संगठनों का दावा है कि क्षेत्र की हर चौथी गली में लाइटें खराब पड़ी हैं।
ये आलम तब है जब महापौर स्ट्रीट लाइट को लेकर पिछले दिनों प्रकाश विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर चुकी हैं, इसमें साफ निर्देश दिए गए कि प्राथमिकता पर सभी जगह से खराब स्ट्रीट लाइटों को बदला जाए। महीनों से लाइटों को बदला नहीं गया है।
अंधेरे में लोगों के लिए आवाजाही तक मुश्किल है। अर्थला मोहननगर से शुरुआत की जाए तो इंदिरापुरम, वसुंधरा, वैशाली, कौशांबी और बार्डर एरिया में काफी स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। नगर निगम के वसुंधरा और मोहननगर जोन में लाइटों को सही कराने और बदलने की मांग लोग लगातार कर रहे हैं।
वैशाली सेक्टर-3 एफ ब्लॉक
मकान संख्या-700 से 749 तक की स्ट्रीट लाइटें महीनों से खराब हैं। नगर निगम में कई बार आरडब्ल्यूए के माध्यम से लाइटों को बदलवाने की मांग रखी गई लेकिन इन्हें नहीं बदला गया। आरडब्ल्यूए ने सात से अधिक लाइटों के खराब होने की बात कही है।
अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि पिछले दिनों कुछ गलियों में अंधेरे का फायदा उठाकर चोर मोटर चोरी कर ले गए थे। इसके बाद उन गलियों में लाइट लग गई जबकि सभी गलियों में समस्या दूर नहीं हुई है। अंधेरे में हादसों का डर भी बना रहता है। निगम अधिकारियों को इसके लिए ज्ञापन भी दिए गए हैं लेकिन समस्या वहीं के वहीं है।
नगर निगम वसुंधरा जोन के प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिलने पर सभी जगह तुरंत लाइट को बदल दिया जाता है। वैशाली सेक्टर-3 में भी नई लाइटें लगवाई गई हैं, जिन इलाकों में दिक्कत है, वहां जल्दी लाइट लगवाई जाएगी।
महिलाओं को अंधेरे में रास्ता चलते हुए अधिक परेशानी होती है। ये उनकी सुरक्षा का भी अधिकार है। महिलाओं और बच्चों की परेशानी समझते हुए लाइट ठीक करानी चाहिए।
- अमरेश, स्थानीय निवासीगली में अंधेरा रहने से रात में बाहर नहीं निकल सकते हैं। कई महीनों से स्ट्रीट लाइटें खराब हैं। इन्हें ठीक कराया जाना चाहिए। इससे बच्चे गली में खेल सकेंगे।
- ममता शर्मा, स्थानीय निवासी
