विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा एनसीआर में नो पीयूसी नो फ्यूल नीति लागू करने में देरी, अब शुरू हुआ कैमरे लगाने का काम

Published: Thu, 26 Nov 2026 03:39 AM (IST)

हरियाणा एनसीआर के चार जिलों में 'नो पीयूसी, नो फ्यूल' नीति लागू करने में देरी हो रही है, जहां पेट्रोल पंपों पर कैमरे लगाने का काम तय समय सीमा बीतने के बाद अब शुरू हुआ है। इस नीति के तहत पुराने और बिना पीयूसी वाले वाहनों को ईंधन नहीं मिलेगा, जिसकी निगरानी के लिए एएनपीआर कैमरे लगाए जा रहे हैं।

हरियाणा एनसीआर में नो पीयूसी नो फ्यूल नीति लागू करने में देरी ( फोटो स्रोत : जागरण )

हरियाणा एनसीआर में नो पीयूसी नो फ्यूल नीति लागू करने में देरी ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. हरियाणा एनसीआर में 'नो पीयूसी, नो फ्यूल' नीति लागू करने में देरी।

  2. गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, झज्जर में एएनपीआर कैमरे लगाने का काम शुरू।

  3. बिना पीयूसी वाहन को ईंधन देने पर पेट्रोल पंप पर जुर्माना।

नंदकिशोर भारद्वाज, सोनीपत। अपनी आयु पूरी कर चुके वाहनों को तेल नहीं देने की योजना लागू करने में देरी हो रही है। हरियाणा एनसीआर के चार जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत व झज्जर में पहले चरण में पेट्रोल पंपों पर नो पीयूसी, नो फ्यूल की नीति लागू की जानी थी।

इसके लिए पहले एक नवंबर और बाद में 15 नवंबर तक 600 कैमरे लगाने की समयसीमा तय की गई थी, लेकिन अभी पंपों पर नो पीयूसी, नो फ्यूल के बोर्ड ही लग सके हैं।

कैमरे लगाने का काम शुरू

दूसरी डेडलाइन बीतने के बाद पंपों पर एएनपीआर कैमरे लगाने का काम शुरू हुआ है। अभी कैमरे लगने में 20 दिन का समय और लगने की उम्मीद है।

आटोमैटिड नंबर प्लेट रिकग्नाइज्ड कैमरों के लगने के बाद योजना पूरी तरह से सफल हो सकेगी। कैमरों की निगरानी के लिए चंडीगढ़ में कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। सोनीपत में बुधवार से ही कैमरे लगाने का काम शुरू हुआ है।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देश पर अपनी आयु पूरी कर चुके डीजल के 10 साल पुराने और पेट्रोल के 15 साल पुराने वालों के परिचालन पर रोक लगाने के लिए उन्हें ईंधन न देने के निर्देश जारी किए गए थे।

इसकी निगरानी के लिए पहले चरण में गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत व झज्जर के पेट्रोल पंपों पर 600 एएनपीआर कैमरे लगाने की योजना थी। इसके लिए एक नवंबर तक पंपों पर कैमरे लगाने का काम पूरा किया जाना था।

दूसरी डेडलाइन बीतने के बाद पंपों पर कैमरे लगाने का काम शुरू

इसके बाद समय सीमा को बढ़ाकर 15 नवंबर कर दिया गया, लेकिन दूसरी डेडलाइन बीतने के बाद अब पंपों पर कैमरे लगाने का काम शुरू किया गया है। काम पूरा होने में अभी 20 दिन का समय और लगने की उम्मीद है।

कैमरे लगाने वाली कंपनी गोदावरी एडवांस टेक्नोलाजी प्रा. लि. के सीनियर मैनेजर एसपी शर्मा ने बताया कि गुरुग्राम मेंं 300, फरीदाबाद में 130, सोनीपत में 197 और झज्जर में 180 कैमरे लगाए जाएंगे। हर पंप पर एक कैमरा लगाया जाएगा जो वाहन की नंबर प्लेट को स्कैन कर स्पीकर के माध्यम से यह बता देगा कि यह वाहन अपनी आयु पूरी कर चुका है या अभी इसके पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र है।

कंपनी सभी कैमरों की तीन साल तक रखरखाव करेगी। सभी कैमरों की निगरानी के लिए चंडीगढ़ में कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। कंट्रोल रूम में यह डाटा भी निकाला जा सकता है कि किसी पंप पर किस दिन कितने वाहन ईंधन भरवाने के लिए पहुंचे और इनमें से कितनों के बाद वैध पीयूसी था।

पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश जारी

जिले के पंपों पर आयल कंपनियों की ओर से दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पंपों पर नो पीयूसी, नो फ्यूल के बोर्ड लगाए गए हैं। बोर्ड पर साफ शब्दों में लिखा गया है कि जिन वाहनों के पास पीयूसी नहीं है, उन्हें तेल नहीं दिया जाएगा।

पंप संचालकों को इस नीति का कड़ाई से पालन करने के लिए कहा गया है। बिना पीयूसी वाले वाहन को तेल देने पर 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाने का प्रविधान किया गया है।

जिले के सभी पंप संचालकों को पत्र लिखकर कैमरे लगाने वाली कंपनी का सहयोग करने के लिए कहा गया है। पंप संचालक कैमरे लगाने के लिए पंप पर उपयुक्त जगह उपलब्ध कराएं, ताकि समय से कैमरे लगाए जा सकें।

अगर किसी प्रकार की कोई समस्या है, तो उसका समाधान कराने में मदद करें। कैमरे लगाने में देरी का कारण टेंडर में देरी व त्योहारी सीजन माना जा रहा है। कंपनी को जल्द की काम पूरा करने के आदेश दिए गए हैं।--राजेश्वर मुदगिल, खाद्य आपूर्ति मामलों के नियंत्रक, सोनीपत

परिवहन विभाग कैमरे लगाए जाने के बाद निगरानी करेगा कि पेट्रोल पंपों पर नो पीयूसी, नो फ्यूल नीति का सही तरीके से पालन हो रहा है या नहीं। अगर पंप संचालकाें की ओर से लापरवाही बरती गई तो 10 हजार रुपये के जुर्माने का प्रविधान है।-- सुभाष चंद्र, जिला परिवहन अधिकारी, सोनीपत

यह भी पढ़ें- चांदनी चौक टाउन हॉल तीन माह में होगा बहाल, विरासत इमारतों की जांच होगी अनिवार्य

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।