विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चांदनी चौक टाउन हॉल तीन माह में होगा बहाल, विरासत इमारतों की जांच होगी अनिवार्य

Published: Thu, 26 Nov 2026 01:35 AM (IST)

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के चांदनी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल का क्षतिग्रस्त हिस्सा तीन माह में मूल स्वरूप में बहाल किया जाएगा।  

चांदनी चौक टाउन हॉल तीन माह में होगा बहाल विरासत इमारतों की जांच अनिवार्य ( एआई जेनरेटेड इमेज )

चांदनी चौक टाउन हॉल तीन माह में होगा बहाल विरासत इमारतों की जांच अनिवार्य ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. टाउन हॉल का क्षतिग्रस्त हिस्सा तीन माह में सुधरेगा।

  2. मूल निर्माण सामग्री से होगा जीर्णोद्धार, पुरालेखों का उपयोग।

  3. विरासत इमारतों की सालाना जांच अब अनिवार्य की गई।

निहाल सिंह, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के चांदनी चौक स्थित 160 साल से अधिक पुराने ऐतिहासिक टाउन हाल के क्षतिग्रस्त हिस्से का जीर्णोद्धार तीन माह में किया जाएगा। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और दिल्ली पर्यटन विभाग ने इसके लिए मैपिंग और सर्वे का काम शुरू कर दिया है।

विशेषज्ञों की टीम ने परिसर में पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्सों का आकलन शुरू कर दिया है। पहले चरण में मुख्य प्रवेश द्वार के पोर्च को उसके पुराने स्वरूप में बहाल किया जाएगा। इसके लिए मूल निर्माण सामग्री का इस्तेमाल होगा और पुरालेखों में उपलब्ध दस्तावेजों से पुराने स्वरूप का मिलान किया जाएगा।

इन हिस्सों की घेराबंदी की गई थी..

एमसीडी के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, टाउन हाल के दो प्रवेश हिस्सों को खतरनाक घोषित कर चिह्नित किया गया था। किसी हादसे की आशंका को देखते हुए इन हिस्सों की घेराबंदी कर दी गई है।

अधिकारियों का कहना है कि सामान्य तौर पर विरासत इमारतों के जीर्णोद्धार के लिए विरासत संरक्षण समिति समेत संबंधित निकायों की अनुमति जरूरी होती है, लेकिन इमारत की मौजूदा स्थिति को देखते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर शुरू की जा रही है।

31 अक्टूबर 2026 को वर्षा के बाद टाउन हाल का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे इमारत का अगला हिस्सा, पहली मंजिल, छत, दीवारें और मुख्य प्रवेश द्वार के ऊपर लगी घड़ी को नुकसान पहुंचा था। वर्ष 2011-12 में एमसीडी मुख्यालय दूसरी जगह स्थानांतरित होने के बाद से यह परिसर काफी हद तक इस्तेमाल नहीं हो रहा है।

सरकार ने बनाई थी ऐसी योजना

दिल्ली सरकार ने इस परिसर को ग्लोबल हेरिटेज सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना भी बनाई है।विरासत इमारतों की सालाना जांच अनिवार्य टाउन हाल को हुए नुकसान के बीच एमसीडी ने विरासत इमारतों के संरक्षण को लेकर नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है।

25 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, अब सभी अधिसूचित विरासत इमारतों का साल में कम से कम एक बार निरीक्षण करना अनिवार्य होगा। एमसीडी के प्रत्येक रखरखाव और भवन विभाग को हर माह कम से कम दो विरासत संपत्तियों का निरीक्षण करना होगा।

दिसंबर में इस व्यवस्था की होगी समीक्षा

दिसंबर में इस वार्षिक निरीक्षण व्यवस्था की समीक्षा भी की जाएगी। निरीक्षण के दौरान इमारतों में दरार, सीलन, वनस्पति, असुरक्षित हिस्सों, अतिक्रमण, स्वामित्व, विरासत श्रेणी और भवन के उपयोग में बदलाव की जांच होगी।

प्रत्येक निरीक्षण में कम से कम तीन तारीख और स्थान के विवरण वाली तस्वीरें लेना अनिवार्य होगा। इसके आधार पर प्रारंभिक निरीक्षण रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

एमसीडी का हेरिटेज सेल ने सभी संपत्तियों का केंद्रीय डाटाबेस तैयार करेगा। वहीं, जोनल उपायुक्त गंभीर उल्लंघनों पर कार्रवाई और लंबित मामलों को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए जिम्मेदार होंगे। इस व्यवस्था के दायरे में दिल्ली के 1300 से अधिक अधिसूचित विरासत स्थल आएंगे।

उल्लेखनीय है कि इस साल जमरूदपुर में लोदी कालीन मकबरों समेत कई विरासत इमारतों की खराब स्थिति पर सुप्रीम कोर्ट ने एमसीडी को फटकार लगाई थी। इसके बाद निगम ने एसओपी तैयार करने की जानकारी अदालत को दी थी।

यह भी पढ़ें- कानपुर देहात में 88 लोगों के शरीर में मानक से ज्यादा मिला क्रोमियम और 3 में मिला मरकरी, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।