बिजली के हाईटेंशन टावरों से घट रही जमीन की कीमत, सोनीपत के 6 गांवों के किसानों ने की मुआवजे की मांग
गोहाना के किसानों ने हाईटेंशन बिजली लाइनों के लिए मार्केट भाव के अनुसार उचित मुआवजे की मांग की है।

कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल। जागरण: फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, गोहाना। बिजली की हाईटेंशन लाइनें बिछाने पर छह गांवों के किसानों ने मार्केट भाव के अनुसार उचित मुआवजे की मांग की। किसानों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को बरोदा हलके के कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल से मिला और उनकी आवाज सरकार तक पहुंचाने की मांग की।
विधायक के पास भैंसवाल कलां, आंवली, बिलबिलान, गुहणा, मोहाना और जाजी गांवों के किसान पहुंचे। किसानों से कहा कि उनके खेतों से जाजी-सिवानी पावरग्रिड लाइन को लेकर हाईटेंशन के बड़े-बड़े टावर लगाए जा रहे हैं। इससे किसानों की जमीन की कीमत बहुत कम हो जाएगी।
हाईटेंशन बिजली लाइनों से प्रभावित किसान
किसानों ने नरवाल से गुहार की कि हाईटेंशन बिजली लाइनों से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने के लिए जमीन के मार्केट भाव को शामिल कर उसमें सुधार किया जाए। किसानों ने कहा कि इसी साल छह अक्टूबर को केंद्र सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस के आधार पर हरियाणा सरकार भी गजट नोटिफिकेशन जारी करे।
सरकार यह सुनिश्चित करे कि नई नीति उन हाईटेंशन लाइनों पर भी लागू हो जिनका कार्य अभी अधूरा है या निर्माण कार्य किया जाना है। विधायक नरवाल ने किसानों को आश्वस्त किया कि वह उनकी मांगों को विधानसभा के आगामी सत्र में प्रमुखता से उठाएंगे। किसान बाद में गोहाना हलका के विधायक और कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविदं शर्मा के पीए से भी मिले और मांगपत्र दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।