विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के गोहाना वालों के लिए अच्छी खबर, मुगलपुरा रोड का होगा कायाकल्प, मिलेंगी ये बड़ी सुविधाएं

Published: Thu, 26 Nov 2026 03:19 AM (IST)

गोहाना में रोहतक रोड के बाद अब मुगलपुरा रोड को दूसरा मॉडल रोड बनाने की तैयारी है। लगभग ढाई करोड़ की लागत से बनने वाले इस रोड पर कंक्रीट सड़क, भूमिगत नाले और फुटपाथ बनेंगे, जिससे शहर की तस्वीर बदलेगी।

मुगलपुरा रोड का होगा कायाकल्प ( फोटो स्रोत : जागरण )

मुगलपुरा रोड का होगा कायाकल्प ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. मुगलपुरा रोड पर बनेगी कंक्रीट की नई सड़क।

  2. खुले नालों की जगह भूमिगत पाइपलाइन और फुटपाथ।

  3. लगभग ढाई करोड़ की लागत से होगा यह कार्य।

परमजीत सिंह, गोहाना। शहर की तस्वीर बदलने की कवायद धीरे-धीरे निर्णायक मोड़ पर पहुंचने लगी है। रोहतक रोड के बाद अब शहर में दूसरा मॉडल रोड बनने का रास्ता साफ हो गया है।

शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय से मंजूरी के बाद नगर परिषद ने चौ. देवीलाल चौक से पानीपत चुंगी तक के मुगलपुरा रोड के कायाकल्प का प्रस्ताव तैयार किया।

मांगी गई तकनीकी मंजूरी

इस प्रस्ताव पर मुख्यालय से तकनीकी मंजूरी मांगी है। लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से यह कार्य होगा। नगर परिषद इससे पहले रोहतक रोड को माडल रोड बनाने के लिए टेंडर लगा चुकी है।

परियोजना पर काम होने के बाद मुगलपुरा रोड की तस्वीर बदल दी जाएगी। सड़क के दोनों तरफ बने नालों को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इनकी जगह पानी की निकासी के लिए भूमिगत स्टार्म वाटर पाइपलाइन बिछाई जाएगी।

पैदल यात्रियों को इस तरह मिलेगी सुविधा

पाइपलाइन बिछाने के बाद इसके ऊपर पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा। इससे सड़क की चौड़ाई बढ़ेगी और अतिक्रमण की समस्या भी कम होगी। वर्षाजल निकासी की व्यवस्था मजबूत करने के साथ पूरे मार्ग पर नए सिरे से कंक्रीट की सड़क बनाई जाएगी।

मॉडल रोड के मानकों के अनुरूप रात में सुगम यातायात के लिए पूरे मार्ग पर आधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगेंगी। इसके साथ ही रोड सेफ्टी के मानकों का पालन किया जाएगा।

ये होंगे फायदे 

पैदल आवागमन को मिलेगा रास्ता : दोनों तरफ के नालों को बंद कर पाइपलाइन बिछाने और ऊपर फुटपाथ बनने से पैदल चलने वालों को सुरक्षित रास्ता मिलेगा और मुख्य सड़क पर वाहनों के लिए जगह बढ़ेगी।

जलभराव व गंदगी से मुक्ति : नाले बंद होने से बदबू और गंदगी से निजात मिलेगी। स्टार्म वाटर पाइपलाइन से वर्षा के पानी की निकासी तेजी से होगी।सुरक्षित होगा सफर : कंक्रीट की नई सड़क बनने से गड्ढों की समस्या खत्म होगी और रखरखाव का खर्च बचेगा। पर्याप्त रोशनी और रोड सेफ्टी मानकों से रात में हादसे रुकेंगे। बाजार साफ-सुथरा व आकर्षक होने से व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

नप ने पांच रास्तों के भेजे थे प्रस्ताव

नगर परिषद ने शहर में माडल रोड बनाने के लिए पांच प्रस्ताव मुख्यालय भेजे थे। इनमें रोहतक रोड, मुगलपुरा रोड, महम रोड, बाईपास रोड वाया श्रीराम शरमण मंदिर और सोनीपत रोड शामिल हैं।

मुगलपुरा रोड को माडल रोड बनाने के लिए मुख्यालय से तकनीकी मंजूरी मांगी गई है। इसके बाद टेंडर लगाया जाएगा। नालों को बंद कर पाइपलाइन बिछाई जाएगी और ऊपर फुटपाथ बनाया जाएगा। नप की कोशिश है कि शहर के सभी प्रमुख मार्गाें को सुंदर बनाया जाए।--रजनी विरमानी, अध्यक्ष, नगर परिषद गोहाना

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड पुलिस में 200 सब इंस्पेक्टर के लिए निकली भर्ती, आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।