उत्तराखंड पुलिस में 200 सब इंस्पेक्टर के लिए निकली भर्ती, आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर
उत्तराखंड में पुलिस, पीएसी, अग्निशमन और आबकारी विभाग में वर्दीधारी उप निरीक्षक के 200 पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है।

उत्तराखंड पुलिस का लोगो। सौजन्य- आधिकारिक वेबसाइट
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड में वर्दीधारी उप निरीक्षक के 200 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने बुधवार को बयान जारी कर बताया कि पुलिस, पीएसी, आइआरबी, अग्निशमन और आबकारी विभाग में रिक्त पदों को भरा जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया एक दिसंबर से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर निर्धारित की गई है।
आयोग सचिव एनके डुंगरियाल के अनुसार उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 93, उप निरीक्षक अभिसूचना के 19, प्लाटून कमांडर पीएसी/आइआरबी के 81, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच और उप आबकारी निरीक्षक के दो पद शामिल हैं। इन पदों के लिए पुरुष और महिला अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। प्लाटून कमांडर के पद पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं। लिखित परीक्षा 18 अप्रैल, 2027 को प्रस्तावित है।
