गोहाना में 2 नए सेक्टर बसाने की तैयारी, 250 एकड़ की है योजना; जमीन के बदले किसानों की मांग ने उड़ाए होश
गोहाना में सेक्टर-12 और 13ए विकसित करने के लिए लगभग 250 एकड़ जमीन की आवश्यकता है, जिसके लिए ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से किसानों से जमीन मांगी गई है।

गोहाना में दो नए सेक्टर बसाने की तैयारी। फोटो: सांकेतिक
HighLights
गोहाना में सेक्टर-12 और 13ए के लिए 250 एकड़ जमीन चाहिए
किसानों ने प्रति एकड़ आठ करोड़ रुपये की मांग की है
एचएसवीपी जमीन मिलने पर नए सेक्टर विकसित करेगा
जागरण संवाददाता, गोहाना। शहर के सुनियोजित विस्तार की दिशा में दो नए सेक्टर विकसित करने की पहल हुई है। सेक्टर-12 और 13 ए विकसित करने के लिए लगभग 250 एकड़ जमीन की जरूरत बताई गई है।
इसके लिए राजस्व विभाग ने गांव बड़ौता, नगर, सिकंदरपुर माजरा और गढ़ी के किसानों की जमीन ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से लेने का प्रस्ताव रखा। गांव नगर और गढ़ी के कई किसानों ने पोर्टल पर जमीन देने के लिए सहमति भी जताई है।
किसानों ने जमीन देने की एवज में प्रति एकड़ आठ करोड़ रुपये की मांग की है। जमीन मिलने पर एचएसवीपी सेक्टर विकसित करेगा। जमीन उपलब्ध होने पर इन दोनों सेक्टरों को विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
इससे गोहाना में नए आवासीय क्षेत्रों के साथ सडक़, सीवरेज, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुलेगा। जमीन की कीमत को लेकर किसानों और संबंधित विभाग के बीच सहमति बननी अभी बाकी है।
किसानों ने जमीन के बदले आठ करोड़ रुपये प्रति एकड़ की मांग रखी है। यह मांग मौजूदा कलेक्टर रेट से कई गुणा अधिक है। किसानों की मांग को देखते हुए जमीन की कीमत तय करना इस योजना में महत्वपूर्ण पहलू रहेगा।
अधिकारियों के अनुसार जमीन लेने के लिए किसानों के साथ सेटलमेंट होने पर ही आगे काम बढ़ सकेगा। सहमति नहीं बनने की स्थिति में प्रस्ताव वापस भी लिया जा सकता है।
एचएसवीपी अपनी उपलब्ध जमीन पर गोहाना में सेक्टर-13 और 14 को विकसित करना शुरू कर चुका है। ऐसे में नए सेक्टरों के लिए जमीन उपलब्ध होने पर शहर का योजनाबद्ध विस्तार और गति पकड़ सकता है।
सेक्टर-13 और 14 में शुरू हो चुके हैं विकास कार्य
एचएसवीपी अपनी जमीन पर सेक्टर-13 और 14 को विकसित कर रहा है। इन सेक्टरों में बुनियादी सुविधाएं जुटाने का काम कराया जा रहा है। यहां पर अब सीवरेज और पेयजल की लाइनें बिछाई जा रही हैं। इन सेक्टरों के बाद सेक्टर-12 और 13 ए के लिए प्रस्तावित जमीन मिलने से गोहाना का नियोजित शहरी विस्तार और बढ़ सकेगा।
गोहाना में सेक्टर 13 व 14 में जल्द बुनियादी सुविधाओं पर काम पूरा कराया जाएगा। सीवर व पेयजल लाइनें बिछाई जा रही हैं। सरकार शहर का योजनाबद्ध विस्तार और विकास कराने की दिशा में काम कर रही है। भविष्य में नए सेक्टरों पर भी काम होगा।
- अजीत सिंह, एक्सईएन, एचएसवीपी
यह भी पढ़ें- सोनीपत के 15 सरकारी स्कूल बनेंगे मॉडल शिक्षण संस्थान, स्मार्ट क्लास से JEE-NEET तक की तैयारी होगी आसान
यह भी पढ़ें- सोनीपत में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, अब शहर से कचरा हटाने की बड़ी चुनौती
