गोहाना के रोहतक रोड को 3.67 करोड़ से मिलेगा नया लुक, 1500 मीटर साइकिल ट्रैक के साथ बनेगा आधुनिक मॉडल रोड
गोहाना का रोहतक रोड 3.67 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें ...और पढ़ें

रोड के दोनों तरफ के नालों को बंद करके भूमिगत पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
HighLights
रोहतक रोड 3.67 करोड़ रुपये की लागत से होगा विकसित।
1500 मीटर लंबा साइकिल ट्रैक पहली बार बनेगा।
फुटपाथ, डिवाइडर और स्टॉर्म वाटर सिस्टम भी शामिल।
परमजीत सिंह, गोहाना (सोनीपत)। शहर के व्यस्त और प्रमुख मार्गों में शामिल रोहतक रोड आने वाले समय में नए स्वरूप में नजर आएगा। नगर परिषद ने मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के तहत आंबेडकर चौक से ड्रेन आठ के पुल तक इस मार्ग के विकास की योजना तैयार की है।
लगभग 3.67 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य के लिए टेंडर लगाए गए। सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के साथ यहां फुटपाथ, डिवाइडर और दोनों तरफ व्यवस्थित खाली जगह छोड़ी जाएगी। इसी मार्ग पर गोहाना का पहला साइकिल ट्रैक भी बनेगा।
रोजाना 10 हजार से अधिक वाहनों का आवागमन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट में घोषणा की थी कि प्रत्येक शहर में एक प्रमुख मार्ग को माडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। इसी घोषणा के अनुसार नगर परिषद ने शहर में रोहतक रोड चयन किया।
इस मार्ग पर रोजाना 10 हजार से अधिक वाहनों का आवागमन होता है। नगर परिषद इस मार्ग का व्यवस्थित विकास करने के साथ सुंदरीकरण भी करेगी। इस मार्ग का विकास होगा, जिससे शहर में जाम लगने की संभावना कम हो और बाहर से आने वाले लोगों को अलग लुक नजर आए।
पैदल चलने वालों को भी मिलेगी सुरक्षित जगह
रोहतक रोड के विकास में सिर्फ वाहनों की सुविधा को ध्यान में नहीं रखा गया है। नगर परिषद पैदल आवागमन करने वाले लोगों को भी सुरक्षित जगह उपलब्ध कराएगी। रोड के दोनों तरफ के नालों को बंद करके भूमिगत पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
उसके ऊपर टाइलें लगवाकर फुटपाथ तैयार होगा, जिससे लोग सुरक्षित पैदल आवागमन कर सकें। सड़क के एक तरफ से दूसरी तरफ जाने के लिए प्वाइंट निर्धारित किए जाएंगे।
वर्षा में जलभराव से मिलेगी राहत
रोहतक रोड के विकास में वर्षा जल निकासी को भी प्रमुखता दी जाएगी। इसके लिए स्टार्म वाटर सिस्टम को मजबूत किया जाएगा। इससे वर्षा के दौरान सड़क पर जलभराव की समस्या कम होगी। बेहतर जल निकासी सड़क को लंबे समय तक टिकाऊ रखने में भी सहायक होगी।
सुंदरीकरण से बदलेगा शहर का प्रमुख प्रवेश मार्ग
नगर परिषद सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के साथ आसपास सुंदरीकरण के कार्य भी कराएगी। डिवाइडर, फुटपाथ, लाइटों और अन्य सुविधाओं को व्यवस्थित तरीके से विकसित किए जाने से रोहतक रोड को आधुनिक स्वरूप मिलेगा। यह मार्ग शहर के प्रमुख हिस्सों को जोड़ता है, इसलिए इसके विकास का असर यातायात के साथ शहर की समग्र तस्वीर पर भी दिखाई देगा।
- 1500 मीटर लंबा बनेगा साइकिल पथ
- नालों को कवर किया जाएगा, जिसके ऊपर फुटपाथ बनेगा
- 10 हजार से अधिक वाहनों का रोजाना आवागमन होता है इस मार्ग से
- सड़क के दोनों तरफ पहले जो टाइलें लगी हैं उस हिस्से को कंक्रीट का बनाया जाएगा
- स्टार्म सिस्टम से निकासी व्यवस्था को किया जाएगा मजबूत
"शहर के सभी मार्गों का सर्वे कराया गया था। रोहतक रोड पर काम कराने के लिए सबसे उपयुक्त जगह मिली। सीएम की बजट घोषणा के अनुसार इस मार्ग के विकास के साथ सुंदरीकरण कराते हुए, इसे माडल रोड के रूप में तैयार कराया जाएगा।"
-रजनी विरमानी, अध्यक्ष, नगर परिषद गोहाना।
यह भी पढ़ें- भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का कमाल, जींद-सोनीपत रूट पर तय की 6000 KM की दूरी; 36 टन कार्बन उत्सर्जन घटा
यह भी पढ़ें- सोनीपत में रोडवेज कर्मचारियों का प्रदर्शन, 5-6 सितंबर को चक्का जाम; सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
