विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहले डंडे बरसाए, फिर बंदूक, पिस्टल और रिवाॅल्वर से बरसाईं गोलियां; बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो बनी छह लोगों की 'ढाल'

Published: Tue, 22 Sep 2026 06:40 PM (IST)

गोहाना के गांव नगर में एक बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो पर बंदूक, पिस्टल और रिवाल्वर से हमला किया गया, जिसमें छह लोग ...और पढ़ें

स्काॅर्पियो पर लगी गोलियां, जो बुलेटप्रूफ होने के कारण अंदर नहीं जा सकीं। जागरण

स्काॅर्पियो पर लगी गोलियां, जो बुलेटप्रूफ होने के कारण अंदर नहीं जा सकीं। जागरण

HighLights

  1. गोहाना में बुलेटप्रूफ स्कॉर्पियो पर हमला, छह लोग बचे।

  2. हमलावरों ने बंदूक, पिस्टल, रिवाल्वर से नौ राउंड फायर किए।

  3. पुलिस ने हमलावरों की स्कॉर्पियो, डीवीआर, मोबाइल बरामद किए।

जागरण संवाददाता, गोहाना। गांव नगर में स्काॅर्पियो सवार छह लोगों पर फायरिंग की वारदात में प्राथमिक पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने बंदूक, पिस्टल और रिवाॅल्वर से गोलियां चलाई थीं। हमले में करीब नौ राउंड फायर किए गए। घटनास्थल से नौ कारतूस बरामद किए थे, जिनमें दो जिंदा कारतूस शामिल हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ, क्राइम यूनिट गोहाना व सोनीपत और शहर थाना पुलिस की आठ टीमें गठित की गई हैं।

पुलिस के हाथ क्या-क्या लगा?

पुलिस ने जांच और कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए वारदात में प्रयुक्त स्काॅर्पियो को पानीपत-रोहतक हाईवे के बाईपास से बरामद किया है। यहां पर हमलावरों का कार्यालय है जिसके बाहर गाड़ी खड़ी मिली। कार्यालय में डीवीआर और तीन मोबाइल भी मिले। इनमें दो मोबाइल कार्यालय और एक स्काॅर्पियो से बरामद किया गया।

कार्यालय में ही बनी हमले की योजना

पुलिस तीनों मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजेगी। डीवीआर की फुटेज से भी हमलावरों की पहचान गतिविधियों के संबंध में सुराग जुटाए जा रहे हैं। यह संभावना है कि वारदात को अंजाम देने से पहले हमलावर इसी कार्यालय में एकत्रित हुए थे और योजना बनाकर आगे बढ़े। शहर थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि सभी टीमें अपने-अपने स्तर पर हमलावरों की गिरफ्तारी में लगी हैं।

दो गाड़ियों में थे हमलावर

गांव बड़ौता के रविंद्र अपने रिश्तेदार गांव पुगथला के ऋषि और साथियों के साथ सोमवार को गोहाना न्यायालय में आया था। यहां पर रविंद्र की मौसी राजपति व मौसेरी बहन वीना रानी जमीनी विवाद के केस में गवाही देनी आई थी। गवाही के बाद महिलाओं को दूसरी गाड़ी से गांव बड़ौता भेज दिया गया और रविंद्र व उसके साथी कुछ देर बाद स्काॅर्पियो में गांव जाने के लिए निकले थे।

साथियों पर गोलियां बरसाईं

न्यायालय परिसर से लगभग 500 मीटर दूर गांव नगर में खरखौदा मोड़ के पास दूसरी स्काॅर्पियो उनकी गाड़ी के आगे अड़ा दी गई। पीछे से थार और फाॅरच्यूचर भी आई थी। कई लोगों ने रविंद्र और उसके साथियों पर गोलियां बरसाईं। पुलिस जांच में सामने आया किया वहां से गुजर रही थार अचानक बीच में आ गई थी और उसमें सवार लोग उतरकर इधर-उधर भाग गए थे।

बुलेटप्रूफ शीशे से छह लाेगों की बचाई जान

थार सवारों को पुलिस ने क्लीन चिट नहीं दी है, मामले की गंभीरता को देखते हुए उनसे भी पूछताछ होगी। हमलावरों ने पहले स्काॅर्पियो पर डंडे बरसाए। इसके बाद तीन तरफ से फायरिंग की गई। गाड़ी बुलेटप्रूफ होने के कारण गोलियां अंदर नहीं घुस सकीं और उसमें सवार छह लोग सुरक्षित बच गए थे।

पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद बुलेटप्रूफ गाड़ी की यह भी जांच भी करेगी, बुलेटप्रूफ शीशा अनुमति से लगाया गया था या नहीं। रविंद्र ने हमले का आरोप गांव खेड़ी दमकन के विनोद, निक्कू, दूसरे गांव के अमित, कृष्ण, मोहित समेत करीब 10-12 लोगों पर लगाया था, जिस पर केस दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें- STF को देखते ही फ्लाईओवर से लगा दी छलांग, सोनीपत में टोल मैनेजर मर्डर केस में 2 आरोपी गिरफ्तार

यह भी पढ़ें- सोनीपत में NH-44 पर 22 से 25 सितंबर तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, रात 11 से सुबह 5 बजे तक बदलेगा रूट