STF को देखते ही फ्लाईओवर से लगा दी छलांग, सोनीपत में टोल मैनेजर मर्डर केस में 2 आरोपी गिरफ्तार
सोनीपत एसटीएफ ने हिसार के बाडो पट्टी टोल मैनेजर संजय शुक्ला की हत्या के दो फरार आरोपियों को भिगान फ्लाईओवर ...और पढ़ें

पकड़े गए आरोपी का अस्पताल में चल रहा इलाज। फोटो: हरियाणा पुलिस
HighLights
हिसार टोल मैनेजर संजय शुक्ला हत्याकांड के आरोपी गिरफ्तार
सोनीपत एसटीएफ ने भिगान फ्लाईओवर पर आरोपियों को घेरा
एक आरोपी फ्लाईओवर से कूदकर गंभीर रूप से घायल हुआ
आशीष मुदगिल, सोनीपत। हिसार के बाडो पट्टी टोल पर मैनेजर संजय शुक्ला की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपितों को सोनीपत एसटीएफ ने एनएच-44 स्थित भिगान फ्लाईओवर पर घेर लिया।
एसटीएफ को देखते ही एक आरोपित ने बचने के लिए फ्लाईओवर से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, उसके साथी को एसटीएफ ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ को देखते ही लगाई छलांग
एसटीएफ ने आरोपितों की गाड़ी को भिगान फ्लाईओवर पर घेर लिया था। पुलिस टीम को देखते ही दोनों आरोपित भागने का प्रयास करने लगे। रास्ता नहीं मिलने पर एक आरोपित ने फ्लाईओवर से नीचे छलांग लगा दी। पुल से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल आरोपित की पहचान हिसार के बहबलपुर गांव निवासी मनोज उर्फ फिल्मी के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
साथी सचिन मौके से गिरफ्तार
एसटीएफ ने मनोज के साथी सचिन को मौके से गिरफ्तार कर लिया। सचिन सोनीपत के कबीरपुर गांव का रहने वाला है। कार्रवाई के दौरान आरोपितों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक गाड़ी भी बरामद की गई है।
टोल मैनेजर की हत्या में थे फरार
प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों आरोपित हिसार के बाडो पट्टी टोल पर टोल मैनेजर संजय शुक्ला की हत्या के मामले में फरार चल रहे थे। हत्या के बाद से पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी।
मनोज उर्फ फिल्मी का पहले से आपराधिक रिकार्ड बताया जा रहा है। वहीं, एसटीएफ गिरफ्तार आरोपित सचिन का आपराधिक रिकार्ड भी खंगाल रही है।
ठिकानों का पता लगा रही एसटीएफ
एसटीएफ गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में हत्याकांड में दोनों की भूमिका, फरारी के दौरान उनके ठिकानों और उनके संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पूरे मामले की जांच जारी है।
