रात में खुली गन्नौर तहसील और अंदर मिले तीन कर्मी, रजिस्ट्री करने की थी तैयारी; हंगामे पर पहुंची पुलिस
गन्नौर तहसील रात 9 बजे के बाद खुली मिली, जहां रजिस्ट्री की तैयारी का आरोप लगा है। पुलिस पहुंचने पर लोग तितर-बितर हो गए।

रात को तहसील कार्यालय खोलकर काम करते कर्मचारी। फोटो: वीडियो ग्रैब
जागरण संवाददाता, गन्नौर। गन्नौर तहसील को देर रात खोलने और तीन कर्मचारियों की मौजूदगी ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तहसील शुक्रवार रात करीब नौ बजे के बाद भी खुली मिली थी।
अंदर तीन कर्मचारी मौजूद थे और बाहर कई गाड़ियां खड़ी थीं। आरोप है कि रात में तहसील खोलकर रजिस्ट्री करने की तैयारी थी, लेकिन मामला उजागर होने के बाद हंगामा मच गया।
रात में तहसील खुली मिलने पर पहुंची पुलिस
रात में तहसील खुली होने की सूचना के बाद कुछ लोग तहसील में पहुंचे और डायल 112 पर पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और उसके बाद वहां मौजूद लोग तितर-बितर हो गए।
देर रात हुए इस घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने चौकीदार से निर्धारित समय के बाद तहसील खोले जाने के संबंध में सवाल पूछा तो वह सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं दे सका।
वहीं पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद कर्मियों से सवाल करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि बाद में उन्हें तहसील से बाहर भेज दिया गया। अभी तक किसी अनियमितता की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन रात के समय कर्मचारियों की मौजूदगी किस काम के लिए थी, यह जांच का विषय है।
दो अधिवक्ताओं ने प्रेसवार्ता कर लगाए आरोप
इसी बीच दो अधिवक्ताओं ने सोनीपत पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में प्रेसवार्ता कर अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
उन्होंने इस मामले को बड़ौत की करीब 98 कनाल 12 मरला जमीन से जुड़ा बताते हुए जमीन के राजस्व रिकॉर्ड और पंजीकरण प्रक्रिया को लेकर उपायुक्त व प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों को अलग-अलग शिकायतें भी भेजी हैं।
दो पटवारियों के निलंबन पर उठाए सवाल
अधिवक्ता युद्धवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने कई वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत भेजी। उन्होंने बताया कि 27 नवंबर को विवादित जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कुछ बदलाव करवाने के लिए दो पटवारियों पर दबाव बनाया गया।
जब पटवारियों ने मना किया तो पटवारी अरुण कागड़ा और पटवारी नवीन कुमार को निलंबित कर दिया। जिसके बाद चार्ज निरंजन पटवारी को सौंपा गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि निलंबन के बाद गन्नौर तहसील से बड़ौत जमीन का रिकॉर्ड सोनीपत लाया गया, जहां पटवारी, तहसीलदार और उपायुक्त कार्यालय के एक कर्मचारी सोनीपत सरल केंद्र में मौजूद रहकर शाम सात बजे तक रिकॉर्ड पर काम करते रहे।
शिकायतकर्ता ने इसी घटनाक्रम को निलंबन से जोड़कर उचित जांच की मांग की है।
पुराने पट्टों, इंतकाल व रजिस्ट्रियों की जांच की मांग
अधिवक्ता पंकज कौशिक ने बताया कि उन्होंने 31 अक्टूबर को शिकायत भेजी थी और 27 नवंबर को पूरक शिकायत देकर पुराने राजस्व रिकॉर्ड की जांच मांगी।
शिकायत में उक्त जमीन से जुड़े 99 साल के पट्टों, विक्रय विलेखों, उनके निरस्तीकरण और इंतकाल की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
इसमें इंतकाल संख्या 6614, 3282, 3292 और 8618 का उल्लेख है। शिकायतकर्ता ने इंतकाल संख्या 6614 की मूल फाइल उपलब्ध नहीं होने के बावजूद कंप्यूटर में प्रविष्टि होने की जांच मांगी है।
वर्ष 2006 की रजिस्ट्री संख्या 845 और 1049, वर्ष 2016 की 2165 और 2166 तथा वर्ष 2026 की 1723 की भी जांच का अनुरोध किया है।
शिकायत में एपेक्स एजुकेशन ट्रस्ट, लगन कला उपवन पंजीकृत समिति और बाल भवन पब्लिक स्कूल का उल्लेख करते हुए जमीन के हस्तांतरण से जुड़े दस्तावेजों की जांच मांगी गई है।
रात के समय हुई गतिविधियों की जांच की मांग
अधिवक्ता युद्धवीर सिंह ने रात के समय हुए घटनाक्रम से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, टोकन जारी होने के समय, सर्वर रिकॉर्ड और संबंधित कर्मचारियों की पहचान की जांच मांगी है।
इसके अलावा पटवारियों के निलंबन, जमीन का काम सौंपने और नायब तहसीलदार हेमंत को गन्नौर का अतिरिक्त प्रभार देने के आदेशों की जांच कराने का भी अनुरोध किया है।
पहले भी रात में खोली जा चुकी है तहसील
कई साल पहले सोनीपत में भी देर रात इस प्रकार की घटना हो चुकी है। उस समय देर रात सोनीपत तहसील खोलकर रात 10:52 और 10:54 बजे दो रजिस्ट्रियां की गई थीं। जिसके बाद काफी हंगामा मचा था। बाद में उन रजिस्ट्रियों को कैंसिल करवाया गया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।