भारतीय ओलंपिक संघ के चुनावी अखाड़े में हरियाणा के 4 स्टार खिलाड़ी, विजेंदर और योगेश्वर ने भी ठोकी ताल
भारतीय ओलंपिक संघ के चुनावों में हरियाणा के चार प्रमुख खिलाड़ी, जिनमें विजेंदर सिंह, योगेश्वर दत्त, रानी रामपाल और सुमन कौशिक शामिल हैं, विभिन्न पदों के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।

नंदकिशोर भारद्वाज, सोनीपत। भारतीय ओलिंपिक संघ के चुनावी अखाड़े में हरियाणा के चार खिलाड़ियों ने ताल ठोक दी है। इनमें दो महिलाएं व दो पुरुष शामिल हैं। इनमें से दो सोनीपत के हैं।
पांच दिसंबर को होने वाले चुनाव के लिए 24 नवंबर शाम तक नामांकन भरने का आखिरी दिन था।
प्रदेश के चार खिलाड़ियों में मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने उपाध्यक्ष और कार्यकारी परिषद सदस्य, ओलिंपियन पहलवान योगेश्वर दत्त ने ईसी के सदस्य, भारतीय हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल ने ईसी मेंबर और गांव सिसाना की सुमन कौशिक ने उपाध्यक्ष के लिए नामांकन दाखिल किया है।
हरियाणा से चार एसओएम चुने गए थे, इन्हें भारतीय ओलिंपिक संघ के विभिन्न पदों पर चुनाव लड़ने का अधिकार था।
71 मतदाता करेंगे नई कार्यकारिणी का चुनाव
भारतीय ओलिंपिक संघ के चुनाव में कुल 71 मतदाता होंगे। इनमें 30 खेल महासंघों के 60 प्रतिनिधि, आठ उत्कृष्ट खिलाड़ी, एथलीट आयोग के दो प्रतिनिधि और भारत में आईओसी के एक सदस्य का वोट शामिल है।
29 और 30 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। दो दिसंबर को नाम वापसी के बाद पांच दिसंबर को मतदान होगा। इस चुनाव से वर्ष 2026 से 2030 तक के लिए आईओए की नई कार्यकारिणी चुनी जाएगी।
ओलिंपियन मुक्केबाज विजेंदर सिंह
विजेंदर सिंह का नाम भारतीय खेल इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने 2008 के बीजिंग ओलिंपिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। वे ओलिंपिक में पदक जीतने वाले भारत के पहले पुरुष मुक्केबाज बने थे।
उन्होंने 2009 विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में कांस्य, 2010 एशियाई खेलों में स्वर्ण और राष्ट्रमंडल खेलों में भी कई पदक अपने नाम किए। एमेच्योर बॉक्सिंग में अपार सफलता के बाद उन्होंने प्रोफेशनल बॉक्सिंग में भी अपनी धाक जमाई।
भारत सरकार द्वारा उन्हें खेल रत्न, अर्जुन पुरस्कार और पद्मश्री जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
ओलिंपियन पहलवान योगेश्वर दत्त
गोहाना के गांव भैंसवाल कलां में वर्ष 1982 में जन्मे योगेश्वर दत्त ने कुश्ती में देश का नाम रोशन किया। वे 60 किलो भारवर्ग में फ्री स्टाइल में कुश्ती लड़ते थे। वर्ष 2012 ओलिंपिक में उन्होंने कांस्य पदक जीतकर तिरंगा लहराया था।
वर्ष 2014 में स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में योगेश्वर दत्त ने देश के लिए स्वर्ण पदक जीता। पहलवानी छोड़ने के बाद योगेश्वर राजनीति में उतरे, लेकिन विधानसभा चुनाव में उन्हें दो बार हार का सामना करना पड़ा।
अब योगेश्वर रोहतक के गांव घिलौड़ में अकादमी चलाकर भविष्य के पहलवान गढ़ रहे हैं।
हॉकी खिलाड़ी रानी रामपाल
कुरुक्षेत्र के शाहबाद मारकंडा में 1994 में एक गरीब परिवार में जन्मी रानी रामपाल भारतीय हॉकी टीम की कप्तान रहीं हैं। रानी टीम में फॉरवर्ड के रूप में खेलती थीं।
15 साल की उम्र में वह 2010 विश्व कप की राष्ट्रीय टीम में सबसे कम उम्र की खिलाड़ी थीं। रानी रामपाल ने 212 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और 134 गोल किए।
उनकी कप्तानी में भारतीय टीम 2020 टोक्यो ओलिंपिक के सेमीफाइनल में पहुंची, जो ओलिंपिक में महिला हॉकी को शामिल करने के बाद भारत के इतिहास में पहली बार हुआ। उनकी अगुवाई में टीम ने कई अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय मेडल जीते। अब वे हॉकी की कोचिंग देती हैं।
भारतीय नेटबाल संघ की उपाध्यक्ष सुमन कौशिक
खरखौदा के गांव सिसाना की सुमन कौशिक नेटबाल की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रही हैं। वर्ष 2007 में असम में हुए 33वें नेशनल गेम्स में उन्होंने रजत पदक जीता। 2015 में 35वें राष्ट्रीय खेलों में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता।
2022 में सिंगापुर में हुई एशियन नेटबाल चैंपियनशिप में सुमन भारतीय टीम की कोच रहीं। 2023–2024 में वह नेटबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया की उपाध्यक्ष व 2024 से 2026 तक अध्यक्ष और 2026 से 2029 तक वे उपाध्यक्ष हैं।
यह भी पढ़ें- सोनीपत, गोहाना और गन्नौर के विकास कार्यों का लेखा-जोखा, सीवरेज-सड़कों ने पकड़ी रफ्तार, मेट्रो और बाईपास अब भी दूर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।