साेनीपत में नंदू गैंग के नाम पर मांगी 2 करोड़ की रंगदारी, ऑफिस पर चलाईं गोलियां; मुठभेड़ के बाद 2 गिरफ्तार
खरखौदा में दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और कार्यालय पर फायरिंग के बाद स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने कार्रवाई ...और पढ़ें

दोनों बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। फोटो: जागरण
HighLights
खरखौदा में दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई
रंगदारी न देने पर कार्यालय पर फायरिंग की गई
पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, तीन पिस्टल बरामद
संवाद सहयोगी, खरखौदा। दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के बाद खांडा रोड स्थित एक व्यक्ति के कार्यालय पर फायरिंग की गई।
मामले में स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों का पीछा किया। हरसाना गांव की सीमा में एनएच-334बी पर हुई मुठभेड़ में दो युवक गोली लगने से घायल हो गए। मौके से तीन देशी पिस्टल बरामद होने की सूचना है।
फोन कर मांगी दो करोड़ की रंगदारी
वार्ड नंबर-1 निवासी दीपक के मोबाइल पर रात करीब सवा नौ बजे एक व्यक्ति ने फोन किया। फोन करने वाले ने खुद को नंदू गैंगेस्टर के मुकदमे में शामिल बताते हुए दीपक से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
बदमाशों ने अगली कॉल में रुपये देने की जगह बताने की बात कही। इसके करीब आधे घंटे बाद दीपक के खांडा रोड स्थित कार्यालय पर रहने वाले अजय ने उसे फोन कर फायरिंग की जानकारी दी।
बिना नंबर की बाइक से पहुंचे बदमाश
अजय के अनुसार, काले रंग की बजाज सिटी-100 मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक कार्यालय के बाहर पहुंचे। मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और उस पर लाल पट्टी थी। दोनों युवकों ने कार्यालय पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कार्यालय के गेट और दीवार पर गोलियों के निशान मिले, जबकि मौके से एक खाली खोल भी बरामद किया गया।
हरसाना में मुठभेड़, दो युवक घायल
फायरिंग की घटना के बाद स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट ने आरोपियों की तलाश शुरू की। संदिग्ध युवकों का पीछा करते हुए टीम हरसाना गांव की सीमा में एनएच-334बी पर पहुंची। यहां दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ में अंकित निवासी भटाना, हाल सोनीपत और हर्ष निवासी लहराड़ा गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए खरखौदा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तीन देशी पिस्टल बरामद होने की सूचना
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से तीन देशी पिस्टल बरामद होने की सूचना दी है। रंगदारी मांगने, कार्यालय पर फायरिंग और मुठभेड़ को लेकर जांच जारी है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रंगदारी की साजिश के पीछे कौन लोग हैं और वारदात में अन्य कौन-कौन शामिल है।
यह भी पढ़ें- सोनीपत बार एसोसिएशन चुनाव: पांच पदों के लिए कल होगा मतदान, विवादों के बीच निर्णायक दौर
यह भी पढ़ें- सोनीपत में जेबीएम के कूड़ा उठान दावे की खुली पोल, निरीक्षण में 45 गाड़ियां ही चालू मिलीं
