विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत में जेबीएम के कूड़ा उठान दावे की खुली पोल, निरीक्षण में 45 गाड़ियां ही चालू मिलीं

Published: Thu, 10 Sep 2026 08:38 PM (GMT+05:30)

सोनीपत में जेबीएम कंपनी की कूड़ा उठाने की व्यवस्था पर सवाल उठे हैं, जहां निरीक्षण में 110 के दावे के ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. JBM कंपनी के 110 गाड़ियों के दावे के मुकाबले 45 चालू मिलीं।

  2. अधिकांश कूड़ा गाड़ियों पर हेल्पर नदारद पाए गए, व्यवस्था प्रभावित।

  3. पार्षदों ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए, विरोध की चेतावनी।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। शहर में कूड़ा उठाने की व्यवस्था को लेकर जेबीएम कंपनी पर सवाल उठ रहे है। वार्डों से लगातार कूड़ा नहीं उठने और गाड़ियों पर हेल्पर नहीं होने की शिकायतों के बाद बृहस्पतिवार सुबह जिला पार्षद और निगम पार्षदों ने बाबा धाम के पास कमेटी सेंटर पहुंचकर कंपनी की गाड़ियों और कर्मचारियों का निरीक्षण किया।

यहां करीब 45 गाड़ियां ही चालू हालत में मिलीं, जबकि कंपनी के पास करीब 110 गाड़ियां होने का दावा किया जाता है। निरीक्षण के दौरान अधिकांश गाड़ियों पर हेल्पर नहीं मिले।

पार्षदों का कहना है कि कूड़ा उठाने के लिए प्रत्येक गाड़ी पर हेल्पर की व्यवस्था की गई है, लेकिन मौके पर स्थिति इसके उलट मिली। पार्षदों ने आरोप लगाया कि मुश्किल से दो से पांच प्रतिशत गाड़ियों के साथ ही हेल्पर भेजे जा रहे हैं।

पार्षदों ने बताया वार्डों से लगातार मिल रहीं शिकायतें

पार्षदों ने बताया कि उनके वार्डों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां नियमित रूप से नहीं पहुंच रही हैं।

कई गाड़ियों के साथ हेल्पर नहीं होने के कारण कूड़ा उठाने की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इससे गलियों और कालोनियों में कूड़ा जमा होने की समस्या बढ़ रही है।

पार्षदों ने कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए है कि जब हेल्पर की ड्यूटी कूड़ा उठाने के लिए लगाई गई है तो उन्हें गाड़ियों के साथ क्यों नहीं भेजा जा रहा।

उन्होंने कहा कि निगम की ओर से कंपनी को भुगतान किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद सेवाएं निर्धारित तरीके से नहीं मिल रही हैं।

जेबीएम की कार्यशैली में नहीं हो रहा सुधार

पार्षदों ने कहा कि जेबीएम कंपनी के खिलाफ लगातार शिकायतें आने के बावजूद उसकी कार्यशैली में सुधार नहीं हुआ है। कंपनी की मनमानी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कूड़ा उठाने की व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो पार्षद कंपनी के खिलाफ विरोध करेंगे।

निरीक्षण में जिला पार्षद संजय बडवसनिया, वार्ड-19 के पार्षद राजेश मलिक, वार्ड-17 की पार्षद सुनीता व अन्य पार्षद मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- सोनीपत में 18 सफाई कर्मियों की सेवा समाप्ति के आदेश पर मचा बवाल, आरोप- गैर-वाल्मीकि को नहीं दिया नोटिस