विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत में 18 सफाई कर्मियों की सेवा समाप्ति के आदेश पर मचा बवाल, आरोप- गैर-वाल्मीकि को नहीं दिया नोटिस

Published: Wed, 09 Sep 2026 06:03 PM (IST)

खरखौदा नगर पालिका ने 18 सफाई कर्मियों को सेवा समाप्ति के नोटिस जारी किए हैं, जिस पर कर्मचारियों ने कड़ा विरोध जताया है।

नोटिस दिखाते सफाई कर्मी। जागरण

नोटिस दिखाते सफाई कर्मी। जागरण

संवाद सहयोगी, खरखौदा(सोनीपत)। नगर पालिका कार्यालय के गेट पर लंबे समय से धरना दे रहे 18 सफाई कर्मियों को नगर पालिका की ओर से सेवा समाप्ति के नोटिस जारी किए गए हैं।

नोटिस में कर्मचारियों पर सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना ड्यूटी से अनुपस्थित रहने, हड़ताल में शामिल होने, अन्य कर्मचारियों को काम से रोकने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने की बात लिखी गई है।

नोटिस में सफाई व्यवस्था को आवश्यक सेवा बताते हुए कहा गया है कि कर्मचारियों की अनुपस्थिति से शहर में सफाई कार्य प्रभावित हुआ और बीमारी फैलने की आशंका बढ़ी है।

नोटिस में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के 18 अगस्त के आदेश का हवाला देते हुए सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है।

तत्काल प्रभाव से सेवा समाप्त करने का आदेश

अंत में पालिका रोल पर कार्यरत कर्मियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का आदेश दिया गया है। वहीं, सफाई कर्मी सीमा ने नोटिस का विरोध करते हुए कहा कि नगर पालिका के 19 कर्मचारियों में से 18 को ही नोटिस दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि ये सभी कर्मचारी वाल्मीकि समाज से हैं, जबकि 19वें कर्मचारी को गैर वाल्मीकि होने के चलते नोटिस नहीं दिया गया। उन्होंने इसे लेकर प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

विनोद कटारिया पहुंचे धरनास्थल

सफाई कर्मियों ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर सचिव से मुलाकात की और अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने सभी को नोटिस न देने पर स्पष्टिकरण मांगा और कहा कि वे नोटिस जलाकर विरोध जताएंगे।

पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया के प्रदेश प्रशिक्षण सचिव एवं एडवोकेट विनोद कटारिया ने भी धरनास्थल पर पहुंचकर कर्मियों को समर्थन दिया।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों की लड़ाई न्याय और उनके भविष्य से जुड़ी है। उन्होंने कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

यह भी पढ़ें- हड़ताल और काम में बाधा डालना पड़ा भारी, सोनीपत नगर निगम ने 15 सफाई कर्मचारियों की सेवाएं की समाप्त