सोनीपत बार एसोसिएशन चुनाव: पांच पदों के लिए कल होगा मतदान, विवादों के बीच निर्णायक दौर
सोनीपत जिला बार एसोसिएशन चुनाव विवादों के बीच निर्णायक दौर में पहुंच गया है, आज पांच प्रमुख पदों के लिए मतदान होगा।

HighLights
सोनीपत जिला बार एसोसिएशन चुनाव आज निर्णायक दौर में।
पांच प्रमुख पदों के लिए मतदान, बैलेट पेपर से होगा चुनाव।
विवादों के बावजूद शांतिपूर्ण चुनाव के लिए मजिस्ट्रेट नियुक्त।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। विवादों के बीच जिला बार एसोसिएशन का चुनाव अब निर्णायक दौर में पहुंच गया है। आरओ की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक ही चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी।
इससे पहले चीफ इलेक्शन आफिसर की ओर से भी इसको लेकर कुछ आदेश आए थे, जिसके बाद उनके आदेश को लेकर रिटर्निंग आफिसर (आरओ) की ओर से बार काउंसिल की एडहाक इलेक्शन कमेटी के सामने शिकायत दी गई। इसके एडहाक कमेटी ने नया आदेश जारी कर चुनाव व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट की।
चुनाव एवीएम की जगह बैलेट पेपर से ही होगा। नामांकन के बाद पांच पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए थे, जबकि प्रधान, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, जनरल सेक्रेटरी, ज्वाइंट सेक्रेटरी और ट्रेजरर पद पर चुनावी मुकाबला होगा।
रिटर्निंग अफसर की देखरेख में चल रही चुनाव प्रक्रिया
चुनाव प्रक्रिया रिटर्निंग आफिसर अधिवक्ता अनूप सिंह दहिया की देखरेख में चल रही है। प्रधान पद के लिए कुसुम खत्री दहिया, मोहिंदर सैनी और वीरेंद्र त्यागी बीच मुकाबला है।
वहीं, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट पद के लिए अमित कुमार मलिक और सचिन शर्मा आमने-सामने हैं। प्रधान पद की तरह ही जनरल सेक्रेटरी पद पर भी त्रिकोणीय मुकाबला होगा। इस पद के लिए अनुराग खत्री, निशांत दहिया और रविंदर कुमार शर्मा चुनाव मैदान में हैं।
वहीं, सबसे ज्यादा प्रत्याशी ट्रेजरर पद पर हैं। यहां अंकित वत्स, मनीष, साहिल राणा, समुंदर दहिया और योगेश चुनाव लड़ रहे हैं। ज्वाइंट सेक्रेटरी (महिला) पद के लिए मेघा वर्मा और मेघा सिंह के बीच मुकाबला है।
पांच पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका
चुनाव को लेकर खूब खींचतान देखने को मिल रही है। कभी एक पक्ष कोर्ट पहुंच जाता है तो कभी दूसरा पक्ष उनके आदेश के खिलाफ रोक लगवा देता है। बावजूद पांच पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है।
वाइस प्रेसिडेंट (महिला) पद पर रोबिन दहिया, लाइब्रेरी एग्जीक्यूटिव (महिला) पद पर मान्या, एग्जीक्यूटिव मेंबर (10 वर्ष) पद पर विजय इंदौरा, एग्जीक्यूटिव मेंबर (5-10 वर्ष) पद पर मेहक तथा एग्जीक्यूटिव मेंबर (2-5 वर्ष) पद पर रोबिन का ही नामांकन आया। एक-एक नामांकन होने के चलते इन पांचों पदों पर संबंधित उम्मीदवारों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ।
बार काउंसिल ने कहा मिलकर कराएं चुनाव
चुनाव को लेकर बार काउंसिल बुधवार को आदेश दिया है कि चीफ इलेक्शन आफिसर की भूमिका रिटर्निंग आफिसर के समान स्तर पर चुनाव प्रक्रिया की निगरानी और पर्यवेक्षण की है। रिटर्निंग आफिसर को बार काउंसिल के नियमों और डीबीए के संविधान के अनुसार काम करने के निर्देश दिए गए।
कमेटी ने यह भी कहा कि रिटर्निंग आफिस, चीफ इलेक्शन आफिसर और पर्यवेक्षक संयुक्त रूप से चुनाव कराएंगे। किसी भी व्यक्तिगत सर्कुलर या आदेश के कारण चुनाव प्रक्रिया में टकराव नहीं होना चाहिए। साथ ही अधिवक्ता विद्या रतन, वेद प्रकाश और जोगेंद्र राणा को स्वतंत्र पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया।
प्रशासन ने भी संभाली कानून व्यवस्था, मजिस्ट्रेट नियुक्त
चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला उपायुक्त नेहा सिंह ने भी चारों न्यायिक परिसरों में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। सोनीपत में नवीन हुड्डा, खरखौदा में यशबीर सिंह, गोहाना में नवीन कुमार और गन्नौर में सुनील कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। ये अधिकारी मतदान और मतगणना पूरी होने तक मौके पर मौजूद रहेंगे।
चुनाव पहले से तय शेड्यूल और मानकों के अनुरूप होगा। बैलेट पेपर से वोट डाले जाएंगे। मतगणना में यदि देरी होती है तो इसके लिए 12 सितंबर का दिन भी अतिरिक्त रखा गया है। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाए की गई है।
- अनूप दहिया, रिटर्निंग आफिसर, बार चुनाव।
