विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रोहतक में सांगी धनपत के पड़पोते की हत्या, जन्मदिन पर चाकुओं से गोदकर मारा; गर्दन-छाती और पेट पर किए ताबड़तोड़ वार

Published: Wed, 16 Sep 2026 08:11 AM (IST)

रोहतक के महम में टाउन पार्क के सामने 17 वर्षीय किशोर अरमान की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। ...और पढ़ें

महम स्थित टाउन पार्क के सामने पड़े युवक को उठाकर अस्पताल के लिए एंबुलेंस में ले जाते आसपास के लोग। जागरण

महम स्थित टाउन पार्क के सामने पड़े युवक को उठाकर अस्पताल के लिए एंबुलेंस में ले जाते आसपास के लोग। जागरण 


HighLights

  1. महम में 17 वर्षीय किशोर अरमान की चाकू से हत्या

  2. गर्दन, छाती और पेट पर चाकू के कई वार मिले

  3. मृतक प्रसिद्ध सांगी धनपत निंदाना का पड़पौत्र था

 

जागरण संवाददाता, रोहतक। टाउन पार्क के मुख्य द्वार के सामने मंगलवार दोपहर करीब एक बजे दो युवकों ने 17 वर्षीय किशोर पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जान बचाने के लिए किशोर पार्क गेट से पास की गलियों की ओर भागा, लेकिन अधिक खून बहने के कारण वह गली में मुंह के बल गिरकर बेहोश हो गया।

आसपास के लोगों ने उसे देखा तो तुरंत एंबुलेंस, डायल 112 और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किशोर को एंबुलेंस से महम के सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक अरमान प्रसिद्ध सांगी धनपत निंदाना के परिवार में उनका पौत्र लगता था। पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान 17 वर्षीय अरमान पुत्र पवन कुमार के रूप में हुई।

सूचना मिलने पर स्वजन अस्पताल पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ सतपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम को बुलाया। एफएसएल अधिकारी सरोज देवी ने घटनास्थल और शव से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

गर्दन, छाती और पेट पर चाकू के कई वार

प्रत्यक्षदर्शी वीरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह और जिले सिंह ने बताया कि करीब एक बजे दो युवक एक किशोर पर चाकुओं से लगातार वार कर रहे थे। हमला टाउन पार्क के मुख्य गेट के सामने हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार किशोर हमलावरों से बचने के लिए भागता हुआ पास के घरों की ओर गया। रास्ते में खून के निशान बिखरे हुए थे और वह गली तक पहुंचते ही गिरकर बेहोश हो गया।

एफएसएल की शुरुआती जांच में मृतक के गर्दन, छाती और पेट सहित शरीर पर कई जगह चाकू के वार के निशान मिले। महम थाना प्रभारी के अनुसार अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हुई। कारणों का पता नहीं चला है। अभी मामले की जांच जारी है।

मौके पर मिलीं छह बाइकें, युवक छोड़कर भागे

वारदात के समय टाउन पार्क के गेट के सामने छह बाइकें खड़ी थीं। हमले के बाद युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इन बाइकों को कब्जे में लेकर उनकी जानकारी जुटाने के लिए चौकी भिजवाया है।

पुलिस अब आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की भी जांच कर सकती है। हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है।

जन्मदिन मनाने के लिए महम आया था

मृतक के ताऊ के बेटे ने बताया कि अरमान सुबह करीब 10 से साढ़े 10 बजे के बीच दो अन्य युवकों के साथ बाइक से महम आया था। इसके बाद करीब दो बजे परिवार को उसके मारे जाने की सूचना मिली।

पिता पवन कुमार ने बताया कि उनके बेटे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने पुलिस से आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। पवन कुमार के तीन बेटियां और दो बेटे हैं। अरमान परिवार में सबसे छोटा था और गांव के ही एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ता था। वह प्रसिद्ध सांगी धनपत निंदाना का पड़पौत्र था। उसके पिता भी सांग करते हैं।

यह भी पढ़ें- हरियाणा के इन दो जिलों के लोग हो जाएं सावधान! आज होगी झमाझम बारिश; मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी

यह भी पढ़ें- स्मार्ट होंगी गुरुग्राम की 6 प्रमुख सड़कें, डिजिटल बोर्ड बताएंगे जाम का हाल; बटन दबाते ही मिलेगी मदद