2024 से अब तक हरियाणा के गैंगवार में यूपी कनेक्शन की जुड़ी कई कड़ियां, पुलिस खंगाल रही साझा नेटवर्क
हरियाणा की गैंगवार में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, खासकर बागपत के बदमाशों का कनेक्शन बार-बार सामने आ रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
हरियाणा गैंगवार में पश्चिमी यूपी, खासकर बागपत के बदमाशों की भूमिका।
पुलिस खंगाल रही हरियाणा-यूपी गिरोहों के बीच साझा आपराधिक नेटवर्क।
रिटौली फायरिंग, मिलन ढाबा हत्याकांड में बागपत के नाम सामने आए।
रत्न पंवार, रोहतक। हरियाणा की गैंगवार में अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बदमाशों का कनेक्शन बार-बार सामने आ रहा है। वर्ष 2024 में खरखौदा और रोहतक में हुई पुलिस मुठभेड़ों से लेकर दिसंबर 2025 की रिटौली फायरिंग और नवंबर 2026 के मिलन ढाबा हत्याकांड तक बागपत के बदमाशों के नाम सामने आए हैं।
कहीं यूपी का बदमाश हरियाणा के स्थानीय अपराधियों के साथ मिला, तो कहीं गैंगवार में बाहरी शूटर की भूमिका सामने आई। अब पुलिस यह खंगाल रही है कि हरियाणा और पश्चिमी यूपी के गिरोहों के बीच संपर्क केवल अपराधियों की आवाजाही तक सीमित है या वारदातों को अंजाम देने के लिए साझा नेटवर्क भी काम कर रहा है।
हरियाणा में गैंगवार की घटनाओं में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बदमाशों की भूमिका अब जांच का महत्वपूर्ण पहलू बनती जा रही है। रोहतक के रिटौली गांव में 19 दिसंबर 2025 को शराब ठेके पर हुई फायरिंग से लेकर नवंबर 2026 में खरावड़ के मिलन ढाबे पर हुए चौहरे हत्याकांड तक बागपत के बदमाशों के नाम सामने आए हैं।
दोनों घटनाओं में हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग और सन्नी रिटौलिया-अंकित उर्फ बाबा गैंग के बीच चल रही रंजिश भी अहम रही है। पुलिस जांच के अनुसार भाऊ गैंग और बागपत के रवि राठी गैंग के बीच करीब दो साल से संपर्क था। इससे जांच का दायरा रोहतक और झज्जर से आगे बढ़कर पश्चिमी यूपी तक पहुंच गया है। पुलिस ने बागपत में जाकर छानबीन भी की।
19 दिसंबर 2025: रिटौली में बागपत के बदमाश की भूमिका
इस नेटवर्क की एक महत्वपूर्ण कड़ी 19 दिसंबर 2025 को रोहतक के रिटौली गांव में हुई फायरिंग है। शराब ठेके पर हुई इस वारदात में दोनों पक्षों की ओर से करीब 35 से 40 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई थी। घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई थी और कई लोग घायल हुए थे। पुलिस जांच में बागपत निवासी मोहन उर्फ मोनू का नाम सामने आया।
इस मामले में मोहन उर्फ मोनू काफी समय तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा। 12 फरवरी 2026 को सांपला क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी।
पुलिस ने उसे रिटौली फायरिंग का वांछित आरोपित बताया था। बागपत में भी उसके खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी। अब 25 नवंबर की देर रात खरावड़ बाईपास स्थित मिलन ढाबे पर हुई फायरिंग में बागपत के गांगनौली निवासी रवि राठी का नाम सामने आया है।
दो साल से संपर्क की बात, स्थानीय मददगारों की तलाश
पुलिस जांच के मुताबिक हिमांशु भाऊ गैंग और रवि राठी गैंग के बीच करीब दो साल से संपर्क था। रिटौली की फायरिंग में बागपत के मोहन उर्फ मोनू की भूमिका और अब मिलन ढाबा हत्याकांड में रवि राठी का नाम सामने आने से इस संपर्क की जांच और महत्वपूर्ण हो गई है। पुलिस के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि दोनों गिरोहों के बीच संपर्क किस स्तर का था।
हरियाणा की गैंगवार में यूपी कनेक्शन के पुराने मामले
तारीख, स्थान, यूपी कनेक्शन और घटनाक्रम
13 जुलाई 2024 : खरखौदा, सोनीपत: दिल्ली के बर्गर किंग हत्याकांड और हिसार के महिंद्रा शोरूम पर फायरिंग से जुड़े हिमांशु भाऊ गैंग के तीन बदमाश पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। पुलिस के अनुसार तीनों गोहाना की ओर जा रहे थे और उनके उत्तर प्रदेश से आने की सूचना मिली थी।
5 दिसंबर 2024 : आईएमटी, रोहतक: बागपत निवासी दीपक उर्फ फुर्तीला पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। उसके साथ रोहतक के दो स्थानीय बदमाश राहुल उर्फ बाबा और आयुष उर्फ छोटा भी थे। दीपक पर हरियाणा, यूपी और दिल्ली में 18 मुकदमे दर्ज थे।
19 दिसंबर 2025 : रिटौली, रोहतक: शराब ठेके पर फायरिंग के मामले में बागपत के मोहन उर्फ मोनू की भूमिका सामने आई। बाद में सांपला के पास पुलिस मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
25 नवंबर 2026 : खरावड़, रोहतक: मिलन ढाबे पर चार युवकों की हत्या के बाद बागपत के गांगनौली निवासी रवि राठी का नाम सामने आया। हरियाणा पुलिस ने बागपत पहुंचकर जांच की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।