भिवानी के अभिषेक के अंगदान से 5 लोगों को मिली नई जिंदगी, 9 जिलों में बना ग्रीन कॉरिडोर; फूलों से सजाकर नम आंखों से दी विदाई
भिवानी के 23 वर्षीय युवक अभिषेक के अंगदान से पांच मरीजों को नई जिंदगी मिली। हरियाणा पुलिस ने नौ जिलों ...और पढ़ें
-1794998817972_m.webp)
फूलों से सजाकर नम आंखों से अंतिम विदाई देते डॉक्टर और परिजन। फोटो जागरण
HighLights
भिवानी के अभिषेक के अंगदान से पांच मरीजों को नया जीवन।
युवक की दो किडनी, लिवर, दो कॉर्निया जरूरतमंदों को मिले।
हरियाणा पुलिस ने नौ जिलों में ग्रीन कॉरिडोर बनाकर अंग पहुंचाए।
जागरण संवाददाता, रोहतक। भिवानी के 23 वर्षीय युवक अभिषेक के अंगदान ने पांच मरीजों को नई जिंदगी की उम्मीद दी। युवक की दो किडनी, लिवर और दोनों कॉर्निया जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाए गए। अंगदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीजीआइएमएस ट्रामा सेंटर में युवक के पार्थिव शरीर को फूलों से सजाकर अंतिम विदाई दी गई।
डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पुलिसकर्मियों और परिजनों ने हाथ जोड़कर उसे विदा किया। दुख की घड़ी में परिवार के इस फैसले ने पांच मरीजों के लिए जीवन बचाने का रास्ता खोल दिया। अंगदान के तहत एक किडनी पीजीआइएमएस रोहतक के मरीज को और दूसरी कमांड अस्पताल चंडी मंदिर भेजी गई।
लिवर गुरुग्राम के नारायणा अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि दोनों कॉर्निया पीजीआइएमएस को मिले। कुलपति डा. एचके अग्रवाल ने बताया कि इस अंगदान से पांच मरीज लाभान्वित हुए हैं।

हरियाणा पुलिस ने नौ जिलों में बनाया ग्रीन कोरिडोर
अंगदान की प्रक्रिया देर रात शुरू होकर अल सुबह तक चली। अंगों को निर्धारित समय में अस्पतालों तक पहुंचाने के लिए हरियाणा पुलिस ने नौ जिलों में समन्वय कर ग्रीन कोरिडोर बनाया।
डीजीपी अजय सिंघल के कार्यालय के निर्देश पर पंचकूला, अंबाला, करनाल, पानीपत, रोहतक, झज्जर, बहादुरगढ़, गुरुग्राम और भिवानी पुलिस ने एंबुलेंस के रास्ते को निर्बाध बनाया। पुलिसकर्मी रातभर तैनात रहे, ताकि अंगों को बिना देरी पहुंचाया जा सके।
निदेशक डा. एमजी वशिष्ठ, चिकित्सा अधीक्षक डा. सुधीर अत्री और सोटो के नोडल अधिकारी डा. सुखबीर सिंह ने परिवार के फैसले को मानवता की मिसाल बताते हुए अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
यह भी पढ़ें- अधूरा रह गया मेडल जीतने का ख्वाब, जाते-जाते 8 लोगों को दी नई जिंदगी; मौत के बाद भी 'चैंपियन' बना हरियाणा का जिम्नास्ट