पुराने दोस्त संग मिलकर पत्नी ने कराई थी पति की हत्या, मुख्य साजिशकर्ता पत्नी समेत तीन को उम्रकैद
रेवाड़ी की अदालत ने 2019 के सुरेंद्र कुमार हत्याकांड में उनकी पत्नी सीमा यादव समेत तीन दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

पति की हत्या मामले में पत्नी समेत तीन को उम्रकैद। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
सुरेंद्र कुमार हत्याकांड में तीन दोषियों को उम्रकैद मिली।
पत्नी सीमा यादव समेत अनिल और मनीष दोषी करार हुए।
अदालत ने 60-60 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी।कोसली थाना क्षेत्र के गांव सुधराना में वर्ष 2019 में हुए सुरेंद्र कुमार हत्याकांड में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अंकिता शर्मा की अदालत ने हत्या और आपराधिक षड्यंत्र के मामले में मृतक की पत्नी सीमा यादव समेत तीन आरोपितों को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है।
दोषियों में अनिल और मनीष भी शामिल हैं। अदालत ने तीनों पर 60-60 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना अदा नहीं करने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
मारपीट के दौरान लगी चोट के कारण मौत
पुलिस के अनुसार, 23 दिसंबर 2019 को कोसली थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव सुधराना के सुरेंद्र कुमार की मारपीट और चोटों के कारण मौत हो गई है। सुरेंद्र जिला नूंह की अदालत में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे। उनका शव कोसली के सरकारी अस्पताल में रखा गया था।
पत्नी ने लगाए थे आरोप
शुरुआत में मृतक की पत्नी सीमा यादव ने पुलिस को बताया था कि 22 दिसंबर की रात परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। रात करीब 11 बजे शोर सुनकर उठी तो तीन-चार अज्ञात व्यक्ति उसके पति के साथ मारपीट कर रहे थे।
इनमें से एक ने तेजधार हथियार से सुरेंद्र के सिर पर वार किया था। इसके बाद स्वजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में हुआ खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि सुरेंद्र की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश के तहत की थी। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपित सीमा यादव की जींद के गांव पांडु पिंडारा के रहने वाले अनिल से वर्ष 2007 से जान-पहचान थी। वर्ष 2017 में दोनों की दोबारा बातचीत शुरू हुई और अनिल का सुधराना आना-जाना बढ़ गया।
दूसरे व्यक्ति के साथ मिलकर पत्नी ने की हत्या
पुलिस के अनुसार, दोनों ने सुरेंद्र को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए अनिल ने एक नाबालिग और मनीष को दो लाख रुपये देने का लालच देकर साजिश में शामिल किया। 22 दिसंबर 2019 की रात सीमा ने दरवाजा खुलवाया और तीनों ने मिलकर सुरेंद्र की हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपित मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट गए। पुलिस ने जांच के दौरान अनिल और मनीष को गिरफ्तार किया, जबकि नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया था। इसके बाद मुख्य साजिशकर्ता सीमा यादव को भी गिरफ्तार किया गया।
तीनों दोषियों को मिली सजा
पुलिस की ओर से अदालत में आरोपितों के विरुद्ध साक्ष्य और गवाह पेश किए गए। सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने तीनों को दोषी करार देते हुए भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत उम्रकैद और 25 हजार रुपये जुर्माना, धारा 120बी के तहत उम्रकैद और 25 हजार रुपये जुर्माना तथा धारा 449 के तहत सात साल का कठोर कारावास और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। इस प्रकार प्रत्येक दोषी पर कुल 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।