रेवाड़ी में होमवर्क नहीं किया तो शिक्षक ने छात्र को बुरी तरह पीटा, हाथ-पैरों पर 10 जगह पड़े नीले निशान; FIR दर्ज
रेवाड़ी के कोसली क्षेत्र में होमवर्क न करने पर एक अध्यापक ने नौवीं कक्षा के छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसके हाथ-पैरों पर नीले निशान पड़ गए।
HighLights
रेवाड़ी में होमवर्क न करने पर छात्र की पिटाई।
अध्यापक ने नौवीं कक्षा के छात्र को बेरहमी से पीटा।
छात्र के शरीर पर 10 जगह नीले निशान पड़े।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। रेवाड़ी जिले के कोसली क्षेत्र के एक स्कूल में होमवर्क नहीं करने पर नौवीं कक्षा के छात्र की अध्यापक द्वारा कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। पिटाई के बाद छात्र के हाथ-पैरों पर नीले निशान पड़ गए। घटना के बाद स्वजन ने स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध पुलिस को शिकायत दी है।
बदन पर 10 जगह आईं चोटें
स्वजन के अनुसार उनका बेटा मयंक बीमारी के चलते करीब 15 दिन से स्कूल से छुट्टी पर था। छुट्टी के बाद वह स्कूल पहुंचा तो अध्यापक ने उससे होमवर्क पूरा नहीं करने के बारे में पूछा। आरोप है कि इसके बाद अध्यापक ने छात्र की जमकर पिटाई कर दी। छात्र के हाथ और टांगों पर करीब 10 स्थानों पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं।

माता-पिता ने चोटों का वीडियो बनाया
घटना के बाद छात्र के स्वजन ने उसके शरीर पर पड़े चोट के निशानों का वीडियो भी बनाया, जो सामने आया है। वीडियो में माता-पिता बच्चे के हाथ-पैरों पर बने निशान दिखाते नजर आ रहे हैं।
स्वजन ने मामले की शिकायत कोसली थाना पुलिस को देकर अध्यापक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। कोसली थाना प्रभारी विद्यासागर ने बताया कि छात्र के स्वजन की ओर से शिकायत दी गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
