रेवाड़ी में बीजेपी नेता के भतीजे की हत्या, CCTV में कैद हुई दोस्त की खौफनाक करतूत
रेवाड़ी के कमालपुर गांव में भाजपा मंडल अध्यक्ष के भतीजे जीतेंद्र की खेत में हत्या कर दी गई। सीसीटीवी में ...और पढ़ें
HighLights
रेवाड़ी के कमालपुर गांव में किसान जीतेंद्र की हत्या।
मृतक भाजपा मंडल अध्यक्ष के भतीजे और डेयरी संचालक थे।
सीसीटीवी में दोस्त के साथ दिखे थे, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। गांव कमालपुर में खेत में गए करीब 45 वर्षीय किसान एवं डेयरी संचालक जीतेंद्र की हत्या का मामला सामने आया है। मंगलवार को उसका शव खेत में मिलने से गांव में सनसनी फैल गई।
मृतक के सिर व चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, जीतेंद्र भाजपा मण्डल अध्यक्ष उत्तम यादव का भतीजा है।
डेयरी का संचालन करता था जीतेंद्र
जीतेंद्र डेयरी का संचालन करता था और किसी काम से खेत की ओर गया था। बताया जा रहा है कि वह सीसीटीवी फुटेज में अपने एक दोस्त के साथ जाता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।
मामले में मृतक के स्वजन ने गांव के ही कुछ युवकों पर संदेह जताया है। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ के साथ अन्य संदिग्धों की भूमिका भी जांची जा रही है।
क्या दिखा सीसीटीवी में?
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक कार खेत किनारे आकर रुकती है। फिर एक शख्स कार से निकलकर रोड के दूसरे साइड खड़ा हो जाता है। कुछ देर बाद कार से दो लोग और निकलते हैं।
उनमें से एक सफेद शर्ट पहने हुए शख्स कुछ देर बाद पीछे से डंडा लेकर जाता है और दूसरी ओर खड़े शख्स को चार डंडे मारता है। तीसरा साथी आरोपी को फिर पीछे खींचता है और दोनों कार में सवार कर वहां से जीतेंद्र को मरता छोड़कर निकल जाते हैं।
