दीवाली से पहले जमा कर लें बिजली बिल, नहीं तो कट सकता है कनेक्शन; रेवाड़ी में निगम का अल्टीमेटम
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम रेवाड़ी में बकाया बिल वसूली अभियान तेज कर दिया है। उपभोक्ताओं को सूचित किया गया ...और पढ़ें
-1793701371532_m.webp)
बिल न भरने पर दीवाली से पहले कट सकती है बिजली। फोटो-जागरण
HighLights
500 से अधिक उपभोक्ताओं के काटे जा चुके हैं कनेक्शन।
चेतावनी के बावजूद बकाया बिल जमा नहीं कराने वालों पर कार्रवाई।
उपभोक्ताओं पर 100 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया है ।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। दीवाली से पहले अगर आपने अपना बकाया बिजली बिल जमा नहीं कराया तो त्योहार पर आपके घर की रोशनी गुल हो सकती है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने बकाया बिलों की वसूली को लेकर विशेष अभियान चलाया हुआ है।
निगम की टीमें लगातार फील्ड में जाकर बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट रही हैं। विभागीय जानकारी के अनुसार पिछले एक माह में बकाया बिल जमा नहीं कराने वाले 500 से अधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा चुके हैं।
कई चेतावनी के बाद भी बिल नहीं भर रहे उपभोक्ता
निगम की तरफ से बार-बार नोटिस और चेतावनी देने के बावजूद भी जो उपभोक्ता बिल जमा नहीं करा रहे हैं, उनके विरुद्ध यह सख्त कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान दीवाली तक और तेज किया जाएगा। सबसे अधिक बकाया घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं पर है।
कई उपभोक्ताओं पर 50 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक का बिल बकाया है। निगम ने ऐसे उपभोक्ताओं को चिन्हित कर लिस्ट तैयार कर ली है और अब उन पर कार्रवाई की जा रही है।
70 हजार उपभोक्ताओं पर 100 करोड़ से अधिक बकाया
70 हजार उपभोक्ताओं का बकाया
निगम के आकड़ों के अनुसार जिले में करीब 70 हजार उपभोक्ताओं पर 100 करोड़ रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है। यह आकड़ा काफी बड़ा है, जिससे निगम को आर्थिक नुकसान हो रहा है। इन बकायादारों में करीब 55 हजार ऐसे उपभोक्ता हैं जिनके कनेक्शन अभी चालू हैं और वह बिजली का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन बिल जमा नहीं करा रहे हैं।
वहीं करीब 16 हजार ऐसे उपभोक्ता हैं जिनके कनेक्शन पहले से ही डिस्कनेक्ट किए जा चुके हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक अपना बकाया बिल जमा नहीं कराया है। इनमें घरेलू, कृषि और कमर्शियल तीनों तरह के उपभोक्ता शामिल हैं।
बिल जमा कराना ही विकल्प
निगम की अपील है कि उपभोक्ता अपने नजदीकी बिजली कार्यालय या आनलाइन माध्यम से अपना बिल जमा करा सकते हैं। यदि किसी उपभोक्ता को बिल को लेकर कोई शिकायत है तो वह कार्यालय में आकर उसका समाधान करा सकता है, लेकिन बकाया बिल न भरना कोई विकल्प नहीं है।
दीवाली का त्योहार नजदीक है और ऐसे में बकाया वसूली अभियान को और तेज कर दिया गया है। उपभोक्ताओं को अंतिम चेतावनी दी जा रही है कि वह समय पर अपना बिल जमा करा दें, अन्यथा बिना किसी और नोटिस के उनके कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जा सकती है। एक बार कनेक्शन कटने के बाद दोबारा जोड़ने के लिए उपभोक्ता को पूरा बकाया बिल के साथ-साथ पेनल्टी और री-कनेक्शन चार्ज भी देना होगा।
- विजयपाल यादव, अधीक्षण अभियंता बिजली वितरण निगम
यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में बंद पेट्रोल पंप के पास की दुकान में मिला 41.745 किलो विस्फोटक, दुकानदार गिरफ्तार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।