विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेवाड़ी में सफाई का नया सिस्टम: 27 सर्कल में बंटा शहर, सड़क पर गंदगी दिखे तो बस भेजें एक फोटो

Published: Wed, 21 Oct 2026 09:51 AM (IST)

नगर परिषद रेवाड़ी ने शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नया रोडमैप तैयार किया है। इसके तहत पूरे शहर को 27 सर्कल में बांटकर सफाई कराई जाएगी।

गंदगी की फोटो अपलोड कर आमजन भी कर सकेंगे शिकायत (AI-Generated image)

गंदगी की फोटो अपलोड कर आमजन भी कर सकेंगे शिकायत (AI-Generated image)

HighLights

  1. शहर को 27 सर्कल में बांटकर होगी सफाई व्यवस्था।

  2. वार्ड पार्षद और अधिकारी करेंगे सफाई की निगरानी।

  3. गंदगी की शिकायत फोटो अपलोड कर सकेंगे आमजन।

प्रीतम सिंह, रेवाड़ी। शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने और गंदगी की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर परिषद ने नया रोडमैप तैयार किया है। इसके तहत पूरे शहर को 27 सर्कल में बांटकर सफाई कराई जाएगी।

प्रत्येक सर्कल में 10-10 बीट बनाई गईं ,जिनमें दो से तीन सफाई कर्मियों की तैनाती की जाएगी, जिनकी जिम्मेदारी संबंधित क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने की होगी। नई व्यवस्था अगले सप्ताह से लागू करने की तैयारी है।

दरअसल, नगर परिषद की योजना के अनुसार, शहर को 27 सर्कल में बांट कर बीट बनाई जाएगी। इसके बाद प्रत्येक बीट में दो से तीन सफाई कर्मी तैनात रहेंगे। संबंधित बीट की सफाई की जिम्मेदारी वहां तैनात सफाई कर्मी की रहेगी। संबंधित वार्ड पार्षद एवं नगर परिषद के अधिकारी वहां की सफाई व्यवस्था की मानिटरिंग करेंगे।

यदि किसी सर्कल में गंदगी मिलती है या सफाई व्यवस्था बदहाल पाई जाती है तो इसके लिए जिम्मेदार सफाई कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, नई व्यवस्था की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि सफाई कर्मियों की नियमित तैनाती, शिकायतों पर कार्रवाई और अधिकारियों की निगरानी कितनी प्रभावी रहती है।

गंदगी की फोटो अपलोड कर सकेंगे लोग

नई व्यवस्था में आमजन की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। शहर में कहीं भी गंदगी दिखाई देने या सफाई व्यवस्था खराब होने पर इसकी जानकारी नगर परिषद तक पहुंचाने के लिए मोबाइल नंबर जारी किए जाएंगे।

लोग संबंधित स्थान की फोटो मोबाइल के माध्यम से अपलोड कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इससे अधिकारियों को गंदगी वाले स्थानों की जानकारी मिल सकेगी और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकेंगे।

अच्छा काम करने वाले सफाई कर्मियों को मिलेगा प्रोत्साहन

नगर परिषद की योजना केवल लापरवाही पर कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बेहतर काम करने वाले सफाई कर्मियों को प्रोत्साहित भी किया जाएगा। इसके तहत अच्छा कार्य करने वाले कर्मियों के नाम रोडवेज वर्कशाप के सामने लगे डिजिटल बोर्ड पर प्रसारित किए जाएंगे।

इससे सफाई कर्मियों में बेहतर कार्य करने की प्रतिस्पर्धा बढ़ाने और शहर को स्वच्छ रखने के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।

ये हैं सर्कल

1. वार्ड 19, 21, 22, 23 (परशुराम कालोनी व भाड़ावास रोड)

2. वार्ड 21, 22, 23 (सेक्टर एक, कंपनी बाग, भाड़ावास रोड)
3. वार्ड 19, 23 (माडल टाउन, ब्रास मार्केट, बस स्टैंड रोड)
4. वार्ड 31 (नारनौल रोड, गोपाल देव चौक)
5. वार्ड 30, 32 (देव नगर, गुलाबी बाग, हजारीवास रोड)
6. वार्ड नंबर 29 और 30 (यादव नगर)
7. वार्ड 15, 23, 24, 31 (कुतुबपुर, सैनी मोहल्ला, नाईवाली चौक, आटो मार्केट)
8. वार्ड 25, 26, 27, 32 (कंकरवाली, देव नगर व बिजली घर)
9. वार्ड 29, 26, 27 (शिव कालोनी)
10. वार्ड 15, 18, 14, 9 (कटला बाजार, गुज्जरवाडा, राम गली)
11. वार्ड 9, 15, 14 (पंजाबी मार्किट, मोती चौक)

12. वार्ड 1, 2, 28 , 14 (नई बस्ती, रेलवे स्टेशन)
13. वार्ड 28 (दुर्गा कालोनी)
14. वार्ड 7, 8, 17, 16 (बीएमजी माल, पुराना तहसील, खासापुरा)
15, वार्ड 3, 9, 10, 4, 5, 8 (आजाद चौक, धारूहेड़ा चुंगी)
16. वार्ड 28, 2, 4 (टीपी स्कीम नौ, पटौदी रोड)
17. वार्ड 7, 20, 6 (पूर्ण नगर, कालका रोड)
18. वार्ड 5 (शिव नगर, घीसा की ढाणी)
19. वार्ड 13, चार (नया गांव दौलतपुर)

20. वार्ड 12 (उत्तम नगर)
21. वार्ड 12, 13 (सज्जन कालोनी, रामगढ़ रोड)
22. वार्ड 19, 17, 7, 20 (गढ़ी बोलनी रोड, कृष्णा नगर, शक्ति नगर)
23. वार्ड 20, 11, 21 (शक्ति नगर, राधा स्वामी कालोनी)
24. वार्ड 6, 11, वार्ड 12 (विजय नगर, कालका रोड)
25. वार्ड 11 (विजय नगर)
26. सेक्टर-तीन
27. सेक्टर-चार

'शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए शहर को 27 जोन में बांटा गया है। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इसमें आमजन की भी सहभागिता जरूरी है।'

-प्रदीप अहलावत, डीएमसी, रेवाड़ी।

यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 1687 चालान, लेन बदलने वालों पर सख्त कार्रवाई

यह भी पढ़ें- रेवाड़ी अनाज मंडी में किसानों की परेशानी जारी, टोकन के लिए लंबा इंतजार