रेवाड़ी अनाज मंडी में किसानों की परेशानी जारी, टोकन के लिए लंबा इंतजार
रेवाड़ी अनाज मंडी में बाजरा बेचने आए किसानों को टोकन के लिए डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान और असुविधा हो रही है।
-1792299540892_m.webp)
रेवाड़ी अनाज मंडी में किसानों की परेशानी जारी ( फोटो स्रोत : जागरण)
HighLights
1.5 घंटे तक टोकन के लिए इंतजार कर रहे किसान।
पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे।
उपायुक्त ने व्यवस्था सुधारने का दिया आश्वासन।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। अनाज मंडी में बाजरा बेचने के लिए पहुंच रहे किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। मंडी के दोनों गेटों पर टोकन कटवाने के लिए किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं।
किसानों को टोकन लेने के लिए एक से डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। इसके अलावा मंडी में पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी के चलते भी किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बोले किसान, करना पड़ रहा इंतजार
किसानों का कहना है कि बाजरा बेचने के लिए उन्हें सुबह से शाम तक मंडी में इंतजार करना पड़ता है, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है।
किसानों के अनुसार, मंडी में बाजरा लेकर पहुंचने के लिए कई किसानों को किराए पर ट्रैक्टर-ट्राली करनी पड़ती है। ऐसे में खरीद प्रक्रिया में देरी होने से किराए का खर्च बढ़ जाता है। लंबे समय तक मंडी में रुकने के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
टोकन व्यवस्था सुचारू किया जाए
किसानों का कहना है कि यदि टोकन काटने की प्रक्रिया को तेज किया जाए और खरीद व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाए तो उन्हें राहत मिल सकती है। सुबह से मंडी में पहुंचने वाले किसानों को अपनी बारी का इंतजार करते हुए घंटों बिताने पड़ते हैं।
संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि दोनों गेटों पर टोकन वितरण की व्यवस्था को सुचारु किया जाए, ताकि लंबी कतारों से राहत मिल सके।
किसानों की किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। मंडी में पेयजल आदि की व्यवस्था की गई है। जल्द ही टोकन की व्यवस्था को भी आसान बनाया जाएगा।
-अभिषेक मीणा, उपायुक्त रेवाड़ी
यह भी पढ़ें- बदायूं की प्राची का पहले ही प्रयास में हरियाणा लोक सेवा आयोग में हुआ चयन, भाई भी यूपी पुलिस में बना सब-इंस्पेक्टर
