हरियाणा सुपर-100 प्रवेश शेड्यूल जारी, डॉक्टर-इंजीनियर बनने का सपना देखने वालों को कराई जाएगी मुफ्त तैयारी
सरकारी स्कूलों के मेधावी छात्रों के लिए हरियाणआ सुपर-100 कार्यक्रमों का शेड्यूल जारी हो गया है। इस योजना की तहत ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
मिशन बुनियाद, सुपर-100 कार्यक्रमों का शेड्यूल जारी।
5 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया होगी शुरू।
आईआईटी-जेईई, नीट की मुफ्त कोचिंग मिलेगी।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी छात्रों के लिए बड़ी खबर है। मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 कार्यक्रमों के लिए 16 नवंबर से 24 दिसंबर तक जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा।
इस दौरान बड़े स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक छात्रों और अभिभावकों को इन योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा सके। इसके साथ ही स्कूल स्तर पर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
5 नवंबर से शुरू होगी ऑनलाइन प्रक्रिया
शिक्षा विभाग ने सत्र 2027-28 के लिए मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 कार्यक्रम की समय-सारणी जारी कर दी है। पांच नवंबर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मिशन बुनियाद योजना का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के छात्रों को 9वीं कक्षा से ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराना है।
इसके शेड्यूल के अनुसार लेवल-1 की प्रवेश परीक्षा 23 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसका परिणाम 12 जनवरी को घोषित होगा।
क्या है चयन प्रक्रिया?
लेवल-1 पास करने वाले छात्रों की लेवल-2 की परीक्षा 22 जनवरी को होगी और इसका परिणाम दो फरवरी को आएगा। इसके बाद चयनित छात्रों के लिए पांच फरवरी से पांच मार्च तक ओरिएंटेशन कार्यक्रम और लेवल-3 की प्रक्रिया चलेगी।
लेवल-3 का फाइनल परिणाम 16 मार्च को घोषित किया जाएगा। एडमिशन के लिए काउंसलिंग 24 मार्च को होगी और नए बैच का नया सत्र एक अप्रैल 2027 से शुरू हो जाएगा।
आईआईटी-जेईई और नीट की मिलेगी कोचिंग
सुपर-100 कार्यक्रम के तहत 11वीं-12वीं के छात्रों को आईआईटी-जेईई और नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं की निश्शुल्क कोचिंग दी जाती है। इसके लिए लेवल-1 की प्रवेश परीक्षा 16 दिसंबर को होगी, जिसका परिणाम आठ जनवरी को आएगा। लेवल-2 की परीक्षा तीन फरवरी को आयोजित होगी और परिणाम 16 फरवरी 2027 को घोषित होगा।
इसके बाद ओरिएंटेशन और लेवल-3 की प्रक्रिया अप्रैल के दूसरे सप्ताह से शुरू होगी और फाइनल परिणाम मई 2027 के पहले सप्ताह में आएगा। सुपर-100 के नए सत्र की शुरुआत मई के दूसरे सप्ताह से होगी।
मुख्यालय की तरफ से सुपर-100 व मिशन बुनियाद की जागरूकता कार्यक्रम को लेकर शेड्यूल जारी किया गया है। इससे निश्चित रूप से दोनों कार्यक्रमों के आवेदन बढ़ाने में काफी मदद मिलेगी।
- रीनू यादव, डीएसएस एवं नोडल अधिकारी सुपर-100
यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में डिजिटल अरेस्ट के जाल में फंसे दंपती, 1.89 करोड़ की ठगी; पुलिस ने दो और आरोपी दबोचे