विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरिश्ता बनकर आए कर्मचारियों ने बचाई 5 साल के अविक की जिंदगी, मां-बाप का छिना साया; उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार

Published: Mon, 16 Nov 2026 04:57 PM (GMT+05:30)

रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर हुए भीषण हादसे में 5 साल के अविक को कंपनी कर्मचारियों ने ट्राले के नीचे ...और पढ़ें

हादसे में मारे गए लोगों के फाइल फोटो। जागरण

हादसे में मारे गए लोगों के फाइल फोटो। जागरण

HighLights

  1. कंपनी कर्मचारियों ने 5 साल के अविक को बचाया।

  2. दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भीषण ट्राला-कार टक्कर हुई।

  3. अविक ने हादसे में माता-पिता, मामा-मामी खोए।

जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बनीपुर चौक के समीप हुए भीषण हादसे में घायल हुए 5 साल के मासूम बच्चे के लिए एक कंपनी के करीब 10 कर्मचारी फरिश्ता बनकर आए और समय रहते उसे कड़ी मशक्कत के बाद ट्राला के नीचे दबी कार से बाहर निकाल लिया।

बताया गया कि अगर जरा भी देरी होती तो अविक की भी जान चली जाती। जबकि अविक की आंखों के सामने माता-पिता ही नहीं, बल्कि मामा-मामी ने भी दम तोड़ दिया।

कार पर पलटा ट्राला

दरअसल, हाईवे पर रात्रि साढ़े 11 बजे जिस समय अनियंत्रित ट्राला आई-10 कार पर पलटा, उस समय अविक उर्फ लड्डू भी कार में ही पीछे अपने पिता नितिन और मां सरिता के पास बैठा हुआ था। मामा दीपक कार चला रहे थे और मामी दिव्या आगे बैठी हुई थी।

घटनास्थल के बिल्कुल सामने हाईवे पर स्थित एक कंपनी की नाईट शिफ्ट की छुट्टी हुई थी। इसलिए काफी कर्मचारी घर जाने के लिए हाईवे पर खड़े हुए थे। जैसे ही ट्राला पलटा, कर्मचारी बिना देरी किए दौड़ पड़े। कार एक हिस्से से ट्राला और दूसरे हिस्से से चने की बोरियों से दबी हुई थी।

अस्पताल में भर्ती कराया

करीब 10 कर्मचारियों ने तत्काल बोरियों को हटाना शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कार के स्टेयरिंग के पास चीख रहे मासूम अविक को निकाला, जबकि बाकी लोगों की सांसे थम चुकीं थीं। अविक के सिर में चोट लगी हुई थी। कर्मचारियों ने तुरंत उसे किसी तरह कार से बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया।

वहीं, बाद में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बाकी लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। रविवार दोपहर बाद अविक को अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई। उसे परिजन दिल्ली लेकर रवाना हो गए।

भाई रमेश ने न सिर्फ बेटा

विजय एंक्लेव एल ब्लॉक में रमेश के बेटे दीपक की मौत की खबर के बाद सन्नाटा पसर है। दो भाई बहन में दीपक बड़े थे। इनकी छोटी बहन की शादी हो चुकी है। दीपक की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। दीपक के ताऊ कैलाश ने बताया कि हादसे में दीपक के साथ इनकी पत्नी दिव्या भी चल बसी। अब रमेश को कैसे ढांढस बंधाया जाए, इसे लेकर कुछ भी समझ में नहीं आ रहा है।

कैलाश ने बताया कि दीपक अपनी पत्नी व अन्य परिजनों के साथ खाटू श्याम से लौट रहे थे, तभी रास्ते में चने से भरे ट्राले ने इनकी कार को जबरदस्त टक्कर मारी। कैलाश बताते हैं कि ईश्वर ऐसा दुख किसी को नहीं दे। मेरे भाई रमेश ने न सिर्फ बेटा, बल्कि बहू भी खो दिया। जिस उम्र में लोगों को लगता है कि अब उसके संघर्ष के दिन समाप्त हुए, बेटा अब माता पिता की जिम्मेदारी संभालेगा, उस उम्र में अब उसके उपर मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा है। कुछ समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर यह सब मेरे भाई के साथ क्यों हुआ। फिलहाल पूरा परिवार पैतृक गांव में दाह संस्कार के लिए जुटा है।

यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में कार पर पलटा ट्राला, हादसे में जीजा-साले समेत 4 की मौत; खाटू श्याम के दर्शन कर लौट रहा था परिवार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।