रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर 50 भरे गैस सिलिंडरों के साथ दो गिरफ्तार, राजस्थान से हरियाणा ला रहे थे खेप
रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बावल पुलिस ने अवैध रूप से ले जाए जा रहे 50 घरेलू गैस सिलिंडरों से ...और पढ़ें

पिकअप से इंडियन और भारत गैस के कुल 50 भरे घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए गए हैं। एआई इमेज
HighLights
50 घरेलू गैस सिलिंडर से भरी पिकअप पकड़ी गई।
बावल पुलिस ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कार्रवाई की।
दो आरोपित राजस्थान के कोटपुतली से गिरफ्तार हुए।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर साबन चौक के समीप बावल पुलिस ने अवैध रूप से ले जाए जा रहे घरेलू गैस सिलिंडरों से भरी एक पिकअप गाड़ी पकड़ी है। पिकअप से इंडियन और भारत गैस के कुल 50 भरे घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को पकड़ा है, जो राजस्थान के कोटपुतली के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बावल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रणवीर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने शुक्रवार रात करीब 11 बजे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर साबन पुल के निकट नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान राजस्थान की ओर से धारूहेड़ा की तरफ जा रही सिलिंडरों से भरी पिकअप को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान गाड़ी में इंडियन और भारत गैस के 50 भरे घरेलू सिलिंडर मिले। दोनों युवकों से सिलिंडरों के दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके! पुलिस ने मामले की सूचना खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को दी।
इसके बाद पिकअप और बरामद सिलिंडरों को बावल के फूड सप्लाई इंस्पेक्टर दीपक कुमार के हवाले कर दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सिलिंडर कहां से लाए गए थे और इन्हें किसे तथा कितने रुपये में बेचा जाना था। साथ ही, सिलिंडरों के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों और आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
