विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनतेरस पर गुलजार रहेंगे गाजियाबाद के बाजार, जमकर होगी धनवर्षा, 1 हजार से अधिक वाहन बिकने की उम्मीद

Published: Fri, 06 Nov 2026 02:34 AM (IST)

गाजियाबाद के बाजारों में धनतेरस पर जमकर धनवर्षा होने की उम्मीद है, जहां वाहन, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तनों की रिकॉर्ड बिक्री की संभावना है।

धनतेरस पर गुलजार रहेंगे गाजियाबाद के बाजार ( एआई जेनरेटेड इमेज )

धनतेरस पर गुलजार रहेंगे गाजियाबाद के बाजार ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. गाजियाबाद के बाजारों में धनतेरस पर बंपर खरीदारी की उम्मीद।

  2. एक हजार से अधिक दोपहिया वाहनों की बुकिंग पहले से।

  3. चांदी के फ्रेम, सिक्के और डिजाइनर आभूषणों की भारी मांग।

शाहनवाज अली, गाजियाबाद। धनतेरस पर शुक्रवार को गाजियाबाद के बाजारों में जमकर धनवर्षा होने की उम्मीद है। त्योहारी खरीदारी के लिए शहर के प्रमुख बाजार सजकर तैयार हैं।

वाहन, सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और घर सज्जा के सामान की खरीदारी को लेकर कारोबारियों में खासा उत्साह है। कई दिन पहले से ही ग्राहकों ने पसंदीदा सामान की बुकिंग करा रखी है।

इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद

शुभ मुहूर्त में डिलीवरी लेने के लिए बाजारों में सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ रहने की संभावना है।शहर के चौपला, घंटाघर, नवयुग मार्केट, सिहानी गेट, डासना गेट, दिल्ली गेट, रमतेराम रोड, तुराबनगर, बजरिया, गांधीनगर, आरडीसी, राजनगर, कविनगर, विजय नगर के बाजारों में विशेष तैयारियां की गई हैं।

कारोबारियों के मुताबिक धनतेरस पर सबसे अधिक खरीदारी होती है। इस बार सभी कारोबारी वर्गों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है।

एक हजार से अधिक वाहनों की बुकिंग

जिले में 150 से अधिक ऑटोमोबाइल शोरूम हैं। दोपहिया वाहन शोरूम के संचालक दीपक अग्रवाल के अनुसार, धनतेरस पर विभिन्न कंपनियों की करीब एक हजार से अधिक दोपहिया वाहनों की डिलीवरी देने के लिए बुकिंग हुई है। जानकारी के मुताबिक चार पहिया वाहनों की भी खासा मांग है। शुक्रवार को भी ग्राहक वाहन खरीदने पहुंचेंगे।

चांदी के फ्रेम और सिक्कों की मांग

शहर में 350 से अधिक सराफा दुकानें और शोरूम हैं। इस बार देवी-देवताओं की तस्वीर वाले चांदी के फ्रेम ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं। इनकी कीमत तीन हजार से दस हजार रुपये तक है। इसके अलावा लक्ष्मी-गणेश और विक्टोरिया वाले चांदी के सिक्कों के साथ हल्के और डिजाइनर आभूषणों की मांग है।

सराफा कारोबारी मोहित गोयल ने बताया कि ग्राहक हालमार्क वाले चांदी के फ्रेम, सिक्के और आभूषण खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं।

बर्तनों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक की तैयारी

धनतेरस पर बर्तन खरीदने की परंपरा को देखते हुए बाजारों और कॉलोनियों में दुकानें सज गई हैं। स्टील, बोरोसिल, नानस्टिक और बोनचाइना के बर्तनों के साथ डिनर सेट की मांग है। बर्तन कारोबारियों को भी इस बार अच्छे कारोबार की उम्मीद है।

इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में एलईडी टीवी, ओवन, माइक्रोवेव, वाशिंग मशीन, फ्रिज और एयर प्यूरीफायर की बिक्री बढ़ने की संभावना है। ग्राहकों ने पहले से ही कई उत्पादों की बुकिंग करा रखी है।

वहीं रियल एस्टेट कारोबार में भी धनतेरस पर रौनक रहने की उम्मीद है। कई परिवार नए आशियाने की चाबी शुभ मुहूर्त में लेने की तैयारी कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- मिलावटखोरों पर गिरेगी गाज, अब एक्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी, ताबड़तोड़ कार्रवाई से हड़कंप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।