विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिना PUC सर्टिफिकेट अब नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल, रेवाड़ी में प्रदूषण नियंत्रण के लिए CAQM का सख्त एक्शन

Published: Wed, 25 Nov 2026 01:26 PM (GMT+05:30)

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने भिवाड़ी में वायु प्रदूषण की स्थिति और नियंत्रण प्रयासों की समीक्षा की। 

प्रदूषण की स्थिति और नियंत्रण के प्रयासों की समीक्षा बैठक। जागरण

प्रदूषण की स्थिति और नियंत्रण के प्रयासों की समीक्षा बैठक। जागरण

संवाद सहयोगी, भिवाड़ी (रेवाड़ी)। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने बुधवार को बीड़ा मीटिंग हाल में अधिकारियों की बैठक लेकर भिवाड़ी में वायु प्रदूषण की स्थिति और नियंत्रण के प्रयासों की समीक्षा की। उन्होंने सड़क धूल, वाहन एवं औद्योगिक प्रदूषण पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में आयोग के तकनीकी सदस्य डॉ. एसडी अत्री, जिले की प्रभारी सचिव पूनम, पर्यावरण विभाग की सचिव शैलजा देवल, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सदस्य सचिव कपिल चंद्रावल, जिला कलेक्टर, बीड़ा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

आयोग अध्यक्ष ने नगर परिषद एवं रीको औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों, वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन और निर्माणाधीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण भी किया। उन्होंने सड़कों की मरम्मत और सफाई में तेजी लाने तथा मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग मशीनों, वाटर स्प्रिंकलर और एंटी स्माग गन का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा।

बायोमास जलाने की घटनाओं पर रोक

नगर परिषद को खुले में कचरा और बायोमास जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष टीमें गठित करने तथा 500 वर्ग मीटर से कम क्षेत्रफल वाले निर्माण स्थलों की भी निगरानी करने के निर्देश दिए।

रीको को सड़क पुनर्विकास कार्यों में एंड-टू-एंड पक्की सड़क बनाने और हरित पट्टी विकसित करने को कहा गया। प्रदूषण के लिहाज से चिह्नित हाटस्पाट पर निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए। वाहन प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए ''नो पीयूसीसी, नो फ्यूल'' नियम का शत-प्रतिशत पालन, पेट्रोल और सीएनजी पंपों पर एएनपीआर कैमरे लगाने तथा पुराने प्रदूषणकारी वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।

कचरे के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा

औद्योगिक इकाइयों में निर्धारित उत्सर्जन मानकों की पालना, प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों और ऑनलाइन उत्सर्जन निगरानी प्रणाली का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्टोन क्रशर इकाइयों की निगरानी के साथ ठोस कचरा प्रबंधन, निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के निस्तारण और पुराने कचरे के निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

आयोग अध्यक्ष ने आगामी वर्ष के लिए वायु गुणवत्ता सुधार की व्यापक कार्ययोजना तैयार करने को कहा। इसमें स्पष्ट और मापनीय लक्ष्य तय करने के साथ विभागवार जिम्मेदारी और कार्यों की समयसीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम कर नियमित निगरानी और समीक्षा के जरिए भिवाड़ी की वायु गुणवत्ता में सुधार लाने को कहा।

यह भी पढ़ें- एम्स रेवाड़ी में दिसंबर तक ओपीडी सेवाएं होंगी शुरू, निर्माण कार्य अंतिम चरण में

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।