एम्स रेवाड़ी में दिसंबर तक ओपीडी सेवाएं होंगी शुरू, निर्माण कार्य अंतिम चरण में
रेवाड़ी के माजरा गांव में बन रहे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में दिसंबर के अंत तक ओपीडी सेवाएं शुरू होने की संभावना है। भवन निर्माण और स्टाफ नियुक्तियां अंतिम चरण में हैं, जिससे दक्षिणी हरियाणा और राजस्थान के लोगों को लाभ मिलेगा।
-1795554460269_m.webp)
एम्स रेवाड़ी में दिसंबर तक ओपीडी सेवाएं होंगी शुरू ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
एम्स रेवाड़ी में दिसंबर अंत तक ओपीडी सेवाएं होंगी शुरू।
भवन निर्माण और सड़क कार्य अंतिम चरण में, स्टाफ नियुक्तियां जारी।
दक्षिणी हरियाणा और राजस्थान के जिलों को मिलेगा सीधा लाभ।
मुकेश कुमार, रेवाड़ी। रेवाड़ी-जैसलमेर हाईवे (एनएच-11) के समीप गांव माजरा में बन रहे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में दिसंबर माह के अंत तक ओपीडी सेवाएं आरंभ होने की प्रबल संभावनाएं हैं।
भवन और सड़क का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जबकि मेडिकल इंप्रास्ट्रक्चर के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। वहीं चिकित्सकों के साथ अन्य स्टाफ की नियुक्तियां भी चल रहीं हैं।
नियुक्ति के बाद होगी ओपीडी सेवाएं शुरू
चिकित्सकों की नियुक्ति के तुरंत बाद ओपीडी सेवाएं शुरू हो जाएंगी। एम्स में प्रशासनिक अधिकारियों की नियुक्ति पहले ही हो चुकी है, जबकि 50 सीटों पर एमबीबीएस की कक्षाएं सितंबर माह में ही शुरू हो चुकी हैं। ओपीडी शुरू होने के बाद दक्षिणी हरियाणा के 10 और साथ लगते राजस्थान के दो जिलों के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
दरअसल, रेवाड़ी एम्स की घोषणा जुलाई 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की थी, लेकिन केंद्र सरकार ने इसकी घोषणा 2019 में की थी। फरवरी 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एम्स का शिलान्यास किया था। शुरुआत में तो एम्स का निर्माण कार्य धीमा था, लेकिन अब पिछले छह माह से काफी तेजी से कार्य हो रहा है।
अभी छह दिन पहले ही केंद्र सरकार ने रेवाड़ी-जैसलमेर हाईवे को एम्स से जोड़ने वाले रास्ते पर पड़ने वाली सड़क पर बनने रेलवे ओवरब्रिज के लिए 200 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की थी। यह ओवरब्रिज दो साल में बनकर तैयार होगा।
हरियाणा ही नहीं, राजस्थान के लोगों को भी मिलेगा फायदा
करीब 1700 हजार करोड़ रुपये की लागत से 210 एकड़ जमीन पर बन रहे एम्स का फायदा अकेले रेवाड़ी नहीं बल्कि महेंद्रगढ़, चरखी-दादरी, भिवानी, रोहतक, झज्जर, नूंह, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद व राजस्थान के झुंझनू व कोटपुतली-बहरोड़ जिलों को भी होगा।
एम्स बनने के बाद करीब तीन हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 10 हजार से अधिक को अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। एम्स में 750 बेड की व्यवस्था होगी। मेडिकल कालेज, नर्सिंग कॉलेज समेत आईसीयू स्पेशलिस्ट व सुपर स्पेशलिस्ट को मिलाकर करीब 1500 व्यक्तियों को प्रतिदिन ओपीडी में देखने की सुविधा होगी। प्राइवेट वार्ड, ट्रामा बेड व आयुष बेड की सुविधा भी कैंपस में मिलेगी।
दिसंबर के अंत तक ओपीडी शुरू करने का प्रयास है। अभी भवन और सड़क मार्ग निर्माण प्रक्रिया अंतिम चरण में है। चिकित्सकों के साथ अन्य स्टाफ की नियुक्तियां चल रहीं। मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। सभी व्यवस्थित होने के बाद ओपीडी सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।-- राकेश कुमार, प्रशासनिक निदेशक, एम्स
यह भी पढ़ें- दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में सहकर्मियों ने महिला से किया दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।