मॉडल को शादी का झांसा देकर बनाए संबंध, अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल; पुलिस ने पानीपत से दबोचा
पानीपत निवासी एक कलाकार को बरला पुलिस ने गुरुग्राम की मॉडल से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और वीडियो से ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
-1787159440700_m.webp)
शादी का वादा कर मॉडल से संबंध बनाए, वीडियो से ब्लैकमेल करने वाला पानीपत से गिरफ्तार। प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
पानीपत निवासी कलाकार अशोक शादी का झांसा देकर गिरफ्तार
मॉडल से शारीरिक संबंध बनाकर वीडियो से ब्लैकमेल किया
बरला पुलिस ने आरोपी को पानीपत से पकड़कर जेल भेजा
संवाद सूत्र, पानीपत। पानीपत निवासी सिंगर-डांसर के साथी कलाकार को बरला पुलिस ने गुरुग्राम में मॉडलिंग करने वाली युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और वीडियो के जरिये ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मंगलवार को आरोपित को पानीपत से पकड़ा और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पीड़िता के न्यायालय में 164 के तहत बयान भी दर्ज कराए गए हैं।
बरला थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती पिछले आठ साल से गुरुग्राम में सिंगर और डांसर के साथ मॉडलिंग का काम करती है। करीब डेढ़ वर्ष पहले एक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात पानीपत के मिडटाउन पार्क क्षेत्र निवासी अशोक से हुई। अशोक भी उसके साथ कलाकार के तौर पर काम करता था। दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई।
युवती ने एसएसपी नीरज जादौन को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि अशोक ने शादी का वादा कर उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए। कुछ समय बाद जब उसने शादी के लिए कहा तो अशोक मुकर गया। आरोप है कि उसने युवती के साथ बनाए गए वीडियो दिखाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और रुपये की मांग करने लगा।
पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी के निर्देश पर बरला पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। एसएसआई देवदत्त शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अशोक को पानीपत से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार वह वर्तमान में पानीपत के मॉडल टाउन स्थित पीपल वाली गली नंबर सात, न्यू आरके पुरम कालोनी में रह रहा था। इंस्पेक्टर सरिता सिंह ने बताया कि पीड़िता के न्यायालय में 164 के तहत बयान दर्ज कराए गए हैं। आरोपित को जेल भेज दिया गया है।
