रिटायर्ड कर्मी के खाते में 4 लाख के बदले आए 44 लाख, बैंक ने वापस मांगे तो कर दिया खेल
बैंक कर्मचारी की गलती से रिटायर्ड कर्मचारी के खाते में 40 लाख रुपये अधिक चले गए। उन्होंने उससे यह राशि वापस मांगी तो वह बहानेबाजी करने लगा।
जेएनएन, पानीपत। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के रिटायर्ड कर्मचारी को विभाग से 4.49 लाख रुपये की रिटायरमेंट राशि दी गई। मगर एसबीआइ के कर्मचारी की गलती से उसके खाते में 44.93 लाख रुपये ट्रांसफर हो गए। रिटायर्ड कर्मी ने यह राशि किसी अन्य के खाते में ट्रांसफर कर दी।
बैंक द्वारा पैसे वापस मांगने पर रिटायर्ड कर्मचारी बहानेबाजी करने लगा। इस पर बैंक मैनेजर ने पुलिस को शिकायत दी है। सिटी थाना पुलिस ने आरोपित कर्मचारी राजेंद्र कुमार, उसके बेटे और एक फर्म के प्रोपराइटर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
एसबीआइ की गीता कालोनी स्थित शाखा के चीफ मैनेजर अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि सिवाह गांव निवासी रिटायर्ड कर्मचारी राजेंद्र कुमार के खाते में 12 जून 2017 को गलती से पेंशन के 4.49 लाख रुपये के बजाय 40.48 लाख अधिक जमा हो गए थे।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की तरफ से 14 मार्च 2018 को सूचना देने पर आरोपित से पैसे लौटाने के लिए कई बार आग्रह किया गया। इस पर राजेंद्र कुमार ने जल्द ही पैसे लौटाने की बात कही। मगर कई बार आग्रह करने पर भी पैसे नहीं लौटाया। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बेटे और रिश्तेदार के खातों में किए ट्रांसफर
ब्रांच मैनेजर ने बताया कि आरोपित राजेंद्र कुमार ने 21 जुलाई 2017 को अपने रिश्तेदार की गुरुग्राम स्थित सियोन इंटरप्राइजेज फर्म के खाते में 20 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए थे। इसके साथ ही 10 अक्तूबर 2017 को अपने बेटे विकास शर्मा के आइसीआइसीआइ बैंक के खाते में भी 20 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। पैसा लौटाने में टालमटोल करने पर पुलिस को शिकायत देनी पड़ी।
यह भी पढ़ेंः किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म कर वीडियो किया वायरल, शर्म के मारे में पिता ने दे दी जान