यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 19, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राव इंद्रजीत ने समझाया राजनीतिक गणित, कहा- संगठित रहोगे तो होगी पूछ
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत ने कार्यकर्ताओं को एकता का पाठ पढाया। कहा कि संगठित रहोगे तो जिस तरह भाजपा ने ...और पढ़ें

जेएनएन, चंडीगढ़/रेवाड़ी। केंद्रीय योजना, उर्वरक एवं रसायन राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार पूरे प्रदेश में समान विकास करवा रही है। साथ ही वे यह बताना नहीं भूले कि कांग्रेस को हमने मिलकर मेज मारी थी। मेज मारने का मतलब सूपड़ा साफ करने से था। राव ने समर्थकों को भविष्य का राजनीतिक गणित भी समझाया। वह मामडिया आसमपुर और सीहा गांव में गए थे। उल्लेखनीय है कि अहीरवाल से विधानसभा में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि संगठित रहोगे तो जिस तरह भाजपा ने पहले हमारी पूछ की थी, उसी तरह आगे भी इलाके की पूछ रहेगी। उन्होंने कहा कि दक्षिणी हरियाणा ने 14 सीटें बीजेपी की झोली में डालीं, जिसके बाद 47 सीट लेकर पहली बार भाजपा ने प्रदेश में सरकार बनाई। राव इन्द्रजीत सिंह ने इस दौरान मामडिया आसमपुर गांव में 25 एकड़ जमीन पर नवनिर्मित गोपाल कृष्ण गौशाला का उद्घाटन व यज्ञ शाला का शिलान्यास किया। वहीं सीहा गांव में स्व. चुनीलाल बोहरा की प्रतिमा का अनावरण किया।
जनस्वास्थ्य एवं अभियान्त्रिकी राज्यमंत्री डा. बनवारी लाल ने कहा कि नवीन एवं नवीनीकृत ऊर्जा विभाग गौशालाओं के लिए एक योजना बना रहा है। पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए जगह-जगह नहरी पानी पर आधारित योजनाएं बनाई जा रही है। आने वाले 30 वर्षो तक भी पीने के पानी की कोई समस्या नहीं रहेगी। कोसली के विधायक बिक्रम सिंह यादव, नारनौल के विधायक ओमप्रकाश, पूर्व मंत्री डॉ. एमएल रंगा व जिला प्रमुख मंजू बाला ने भी समारोह को संबोधित किया। इस मौके पर निगरानी समिति के संयोजक लक्ष्मण यादव सहित कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।