राजस्थान-दिल्ली में नजर आएगा हुड्डा की रथयात्रा का असर
एक के बाद एक तीसरी बार शक्ति प्रदर्शन कर हुड्डा कांग्रेस हाईकमान को यह संदेश देने में कामयाब रहे कि हरियाणा कांग्रेस में उनका विकल्प दूसरा कोई नहीं है।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपनी जनक्रांति रथयात्रा के तीसरे चरण के साथ ही चुनावी दस्तक दे दी है। जाट और मुस्लिम बहुल इलाके मेवात में तीन दिन चली हुड्डा की इस रथयात्रा से जहां राजस्थान में कांग्रेस को लाभ मिल सकता है, वहीं हरियाणा में भाजपा व इनेलो के सामने अगली बार जीत दोहराने की चुनौती भी पेश होगी।
राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली की सीमा से सटे मेवात इलाके में हुड्डा का रथ लगातार तीन दिन घूमता रहा। इस जिले की तीन विधानसभा सीटों पर पहले कांग्रेस का कब्जा हुआ करता था, लेकिन 2014 के विधानसभा चुनाव में नूंह से इनेलो के जाकिर हुसैन और फिरोजपुर झिरका से नसीम अहमद ने जीत हासिल की। पुन्हाना से निर्दलीय विधायक रहीश खान चुनाव जीते, जिन्होंने सत्तारूढ़ भाजपा को अपना समर्थन दे रखा है।
कांग्रेस की सरकार में आफताब अहमद परिवहन मंत्री के तौर पर मेवात का प्रतिनिधित्व करते रहे हैैं। हुड्डा ने जनक्रांति रथयात्रा की जिम्मेदारी आफताब अहमद को ही सौंपी हुई थी। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ आफताब ने जिस तरह से हुड्डा के रथ का सारथी बनकर उन्हें तीनों विधानसभा सीटों की गली-गली घुमाया, उसके जरिये पार्टी हाईकमान तक भी बड़े राजनीतिक संदेश पहुंचे हैैं।
कांग्रेस फिलहाल राजस्थान चुनाव की तैयारी कर रही है। मेवात जिले के लोगों की रिश्तेदारियां बार्डर पर पडऩे वाले राजस्थान के कई जिलों में हैैं, जहां कांग्रेस को लाभ मिलेगा। इसके अलावा 15 जुलाई तक हरियाणा कांग्रेस के नए अध्यक्ष के नाम का एलान संभव है। ऐसे में जीटी रोड बेल्ट के पानीपत, दक्षिण हरियाणा के पलवल और राजस्थान बार्डर के जिले नूंह (मेवात) में एक के बाद एक तीसरी बार शक्ति प्रदर्शन कर हुड्डा कांग्रेस हाईकमान को यह संदेश देने में कामयाब रहे कि हरियाणा में उनका विकल्प दूसरा कोई नहीं है।
जनक्रांति रथयात्रा का अगला चरण चौटाला के इलाके से
जनक्रांति रथयात्रा के चौथे चरण का आगाज पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के प्रभाव वाले फतेहाबाद जिले से होगा। इसी जिले के टोहाना हलके से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला प्रदेश अध्यक्ष हैैं। हुड्डा 22 जुलाई को टोहाना से जनक्रांति रथयात्रा की शुरुआत करेंगे। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री फतेहाबाद जिले में तीन दिन रहेंगे। हुड्डा जनक्रांति रथयात्रा के जरिये चुनावी घोषणाएं करने के साथ ही सरकार पर भी हमलावर हैैं।
यह भी पढ़ेंः अनिल विज आैर महिला एसपी का विवाद गर्माया, मामला सीएम तक पहुंचा