विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुजुर्ग प्रोफेसर और पत्नी के ₹12.85 लाख के मेडिकल बिल पर पंजाब-हरियाणा HC सख्त, 3 महीने में फैसला लेने के दिए आदेश

Published: Sat, 14 Nov 2026 11:57 AM (GMT+05:30)

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को एक बुजुर्ग प्रोफेसर और उनकी पत्नी के 12.85 लाख रुपये के चिकित्सा ...और पढ़ें

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट फाइल फोटो

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट फाइल फोटो

HighLights

  1. हाईकोर्ट ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति पर निर्णय का आदेश दिया

  2. बुजुर्ग प्रोफेसर और पत्नी के 12.85 लाख रुपये का मामला

  3. हरियाणा सरकार को तीन महीने में फैसला सुनाने का निर्देश

राज्य ब्यूरो,चंडीगढ़। उम्र के इस पड़ाव पर जब बीमारियों से जूझ रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति को अपने और पत्नी के इलाज पर लाखों रुपये खर्च करने पड़े, तो उन्हें उम्मीद थी कि सरकार नियमानुसार चिकित्सा प्रतिपूर्ति की राशि उपलब्ध कराएगी।

लेकिन लंबे समय तक सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने और कानूनी नोटिस भेजने के बावजूद जब कोई निर्णय नहीं हुआ तो उन्हें पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। मामले में हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार के संबंधित अधिकारियों को तीन महीने के भीतर चिकित्सा प्रतिपूर्ति के दावे पर निर्णय लेने का निर्देश दिया है।

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस हरप्रीत सिंह बराड़ ने विजय कुमार अग्रवाल की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया। याचिका में राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों से 12,85,411 रुपये के चिकित्सा खर्च की प्रतिपूर्ति करने की मांग की गई थी।

खुद के इलाज पर 7.65 लाख, पत्नी के घुटनों के ऑपरेशन पर 5.19 लाख खर्च

याचिकाकर्ता की ओर से अदालत को बताया कि याचिकाकर्ता वरिष्ठ नागरिक हैं और दोनों घुटनों में ऑस्टियोआर्थराइटिस तथा हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं। इसके लिए 16 फरवरी 2023 को उन्हें दीर्घकालिक बीमारी का प्रमाणपत्र भी जारी किया गया था।

याचिकाकर्ता ने अपने उपचार पर 7,65,995 रुपये खर्च किए। वहीं, उनकी आश्रित पत्नी के दोनों घुटनों का रोबोटिक तकनीक से प्रत्यारोपण (बाइलेटरल टोटल नी रिप्लेसमेंट) फरीदाबाद के सर्वोदय अस्पताल में किया गया, जिस पर 5,19,416 रुपये खर्च हुए। इस तरह दोनों के इलाज पर कुल 12,85,411 रुपये का खर्च आया।

अदालत को बताया कि याचिकाकर्ता ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लिए सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ दावे प्रस्तुत किए थे, लेकिन विभाग ने उन पर अंतिम निर्णय नहीं लिया। इसके बाद 29 मई 2026 को कानूनी नोटिस भेजा गया।

इस पर उच्च शिक्षा महानिदेशक कार्यालय ने राजकीय महाविद्यालय, नारनौल के प्राचार्य से सात दिन के भीतर बिंदुवार टिप्पणियां मांगी थीं।

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि यदि संबंधित अधिकारी पांच अक्टूबर के प्रतिवेदन पर सुनवाई का अवसर देकर समयबद्ध तरीके से निर्णय ले लें तो उन्हें राहत मिल सकती है। हरियाणा सरकार की ओर से इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई।

हाईकोर्ट ने मामले के गुण-दोष पर कोई टिप्पणी किए बिना याचिका का निपटारा कर दिया। अदालत ने सक्षम प्राधिकारी को निर्देश दिया कि प्रमाणित आदेश की प्रति प्राप्त होने के तीन महीने के भीतर याचिकाकर्ता के प्रतिवेदन पर कानून के अनुसार कारण सहित स्पष्ट आदेश पारित करें।

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्णय याचिकाकर्ता को सूचित किया जाए और यदि वह चिकित्सा प्रतिपूर्ति का पात्र पाया जाता है तो उसे नियमानुसार बिना अनावश्यक देरी के राहत प्रदान की जाए।

यह भी पढ़ें- हरियाणा के पार्ट टाइम कर्मचारियों को हाईकोर्ट से राहत, पुरानी पेंशन का लाभ देने का आदेश

यह भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया में हार्ट अटैक से करनाल के युवक की मौत, पार्थिव शरीर भारत पहुंचा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।