33 साल बाद भी नहीं बने मानवाधिकार संरक्षण नियम, कामकाज हो रहा प्रभावित; HC ने पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ को भेजा नोटिस
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम के 33 साल बाद भी पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आवश्यक नियमों को अधिसूचित न किए जाने पर नोटिस जारी किया है।

पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट फाइल फोटो
HighLights
मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम 1993 में लागू हुआ था
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में नियम 33 साल से अधिसूचित नहीं
हाईकोर्ट ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मानवाधिकारों के संरक्षण के लिए देश में वर्ष 1993 में मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम लागू किया गया था, लेकिन इसके 33 साल बाद भी पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में इस संबंध में आवश्यक नियम अधिसूचित नहीं किए जाने का मुद्दा पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट पहुंच गया है।
सोशल मीडिया पर पीपुल्स वेलफेयर सोसायटी चंडीगढ़ की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया है।
सोसायटी की ओर से बताया गया कि पंजाब में वर्ष 2013 में मानवाधिकार आयोग का गठन किया गया था, जबकि हरियाणा और चंडीगढ़ में वर्ष 2015 में इस दिशा में व्यवस्था की गई।
नहीं अधिसूचित किए गए मुद्दे
इसके बावजूद नियमों को अधिसूचित नहीं किए जाने का मुद्दा उठाया गया है। याचिका में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में नियमों को अधिसूचित करने की मांग की गई है।
याची ने कहा कि नियमों के अभाव में आयोग सही प्रकार से काम नहीं कर पा रहे हैं। साथ ही न्याय पाने की आस में बैठे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसे में हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ को नियम बनाने का निर्देश जारी किया जाए। याची पक्ष की दलीलों को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने याचिका पर हरियाणा, पंजाब व चंडीगढ़ को नोटिस जारी करते हुए जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है।