हरियाणा पुलिस सेवा नियमों में उलझा DSP का दर्जा, क्लास-वन या क्लास-टू पर असमंजस बरकरार
हरियाणा में पुलिस उप अधीक्षक (डीएसपी) के ग्रुप-ए या ग्रुप-बी अधिकारी होने को लेकर असमंजस बरकरार है। 1973 की अधिसूचना के बावजूद 2002 के नियमों में स्पष्टता न होने से गृह विभाग से स्थिति साफ करने की मांग की गई है।

हरियाणा पुलिस सेवा नियमों में उलझा DSP का दर्जा (प्रतीकात्मक फोटो, जागरण आर्काइव)
HighLights
हरियाणा में डीएसपी के ग्रुप-ए या ग्रुप-बी वर्गीकरण पर असमंजस।
एचपीएससी विज्ञापन में डीएसपी पद ग्रुप-बी में सूचीबद्ध।
गृह विभाग से डीएसपी पद की स्थिति स्पष्ट करने की मांग।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में पुलिस उप अधीक्षक (डीएसपी) ग्रुप-ए के अधिकारी हैं या ग्रुप-बी के, इसको लेकर असमंजस बरकरार है।
हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा जनवरी में जारी भर्ती विज्ञापन के मुताबिक हरियाणा सिविल सर्विस (एचसीएस) कार्यकारी शाखा के 24 पद ग्रुप-ए अर्थात क्लास वन वर्ग के हैं, जबकि शेष सभी संबद्ध सेवाओं (अलाइड सर्विसेज) के पद ग्रुप-बी अर्थात क्लास टू वर्ग के है। इन्हीं अन्य पदों में डीएसपी के आठ पद भी शामिल हैं जो हरियाणा पुलिस सर्विस (एचपीएस) काडर सेवा होती है।
पिछले 20 साल में हुए कई संशोधन
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के अधिवक्ता हेमंत कुमार के मुताबिक आज से 24 वर्ष पूर्व नवंबर 2002 में हरियाणा पुलिस सेवा नियम बनाकर लागू किए गए थे, जिनमें दो दशकों में कई संशोधन किए गए हैं।
वर्ष 2002 के हरियाणा पुलिस नियमों में यह स्पष्ट नहीं है कि एचपीएस अधिकारी ग्रुप ए या ग्रुप बी वर्ग के अधिकारी होंगे, जिससे असमंजस बना हुआ है।
उन्होंने कुछ वर्ष पूर्व गृह विभाग में आरटीआइ लगाई थी, जिसके जवाब में जनवरी 1973 में गृह विभाग द्वारा जारी नोटिफिकेशन संलग्न की गई।
डीएसपी क्लास वन अधिकारी होंगे
इसमें उल्लेख है कि सेवा में आने के दो वर्षों बाद डीएसपी क्लास वन अधिकारी होंगे। इस सबके बीच प्रश्न उठता है कि क्या वर्ष 1973 की नोटिफिकेशन आज तक लागू है।
अगर है तो हरियाणा पुलिस सेवा नियमावली 2002 और हरियाणा सिविल सेवा (सामान्य) नियमावली में ऐसा कोई उल्लेख क्यों नहीं किया गया।
अगर एचपीएस में आने के दो वर्षों बाद डीएसपी क्लास वन ( ग्रुप ए) अधिकारी बनते हैं तो इसका अर्थ यही निकलता है कि सेवा में भर्ती होते समय वह क्लास टू (ग्रुप बी) अधिकारी होते हैं। ऐसे में गृह विभाग को सही स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।