बराला के बेटे के मामले पर राजनीति गरमाई, सीएम से मिले प्रदेश भाजपा प्रधान
हरियाणा भाजपा के प्रधान सुभाष बराला के बेटे पर आइएएस अफसर की बेटी से छेड़छाड़ के केस के बाद राज्य की राजनीति गर्माई हुई है। इस सबके बीच बराला ने सीएम ...और पढ़ें

जेएनएन, चंडीगढ़। भाजपा के प्रदेश प्रधान सुभाष बराला के बेटे के मामले को लेकर हरियाणा में राजनीति चरम पर है। प्रदेश भाजपा ने हाईकमान द्वारा दिल्ली तलब करने और उनके इस्तीफे की चर्चाओं को बेबुनियाद करार दिया है। इस बीच बराला ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की है। प्रदेश भाजपा ने कहा कि पूरे मामले को विपक्ष राजनीतिक रंग दे रहा है। मामले में पुलिस जांच से दूध का दूध और पानी का पानी होगा।
बराला के पुत्र पर आइएएस की बेटी से छेड़छाड़ का मामला गरमाया
सोमवार को बराला के इस्तीफे और पार्टी नेतृत्व द्वारा उनको दिल्ली तलब किए जाने की चर्चाएं फैलती रहीं।इसे भाजपा ने निराधार करार दिया। इन सबके बीच सुभाष बराला के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिलने की खबर है। बताया जाता है कि इस मुलाकात के दौरान दाेनों नेताआें पूरे प्रकरण पर चर्चा की।
यह भी पढ़ें: IAS की बेटी से छेड़छाड़ः पीड़िता बोली- मैंने कुछ गलत नहीं किया तो चेहरा क्यों छिपाऊं
दूसरी आेर, प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रमुख राजीव जैन ने यहां एक बयान में कहा कि पूरे मामले में गलत और निराधार बातें फैलाई जा रही हैं। सुभाष बराला को दिल्ली तलब किए जाने और इस्तीफे देने की चर्चाएं गलत हैं। इस तरह की घटना को राजनीतिक रंग दिया जाना ठीक नहीं है। पूरेे मामले में चंडीगढ़ पुलिस की जांच में जल्द ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
भाजपा के मीडिया प्रमुख ने कहा, केस में पुलिस करेगी दूध का दूध और पानी का पानी
राजीव जैन ने कहा कि बराला को दिल्ली तलब किए जाने और उनके इस्तीफा दिए जाने की अफवाह विरोधियों के दिमाग की उपज है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल सुभाष बराला के संबंध में गैर जिम्मेदाराना शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। पूरे घटनाक्रम को लेकर लड़की एवं उनके अधिकारी पिता खुद पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जता चुके हैं। ऐसे में पूरे मामले की जांच होने तक विपक्षी दलों को इस मुद्दे पर राजनीतिक रोटियां सेंकने से बाज आना चाहिए।
यह भी पढ़ें: IAS की बेटी से छेड़छाड़ः सीएम बोले- बराला दोषी नहीं, गुनाहगार को मिलेगी सजा
राजीव जैन ने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस सक्षम है और उन्हें भरोसा है कि जल्द ही सारा मामला साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला कानून में भरोसा रखते हैं तथा पूरे मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से हो, इस विचारधारा पर भरोसा करते हैं।
-----
यह दो बच्चों का विवाद है : रामबिलास शर्मा
उधर, कैथल में राज्य के शिक्षा मंत्री प्रो.रामबिलास शर्मा ने कहा कि यह दो बच्चों का आपस का विवाद है।दोनों ही बच्चे हरियाणा के हैं। बेटी हमारे वरिष्ठ अधिकारी की है और बेटा हमारे अध्यक्ष का है। बेटी की शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस ने दोनों लड़कों को गिरफ्तार किया है। कानून अपनी प्रक्रिया पूरी कर रहा है। अब मामला पुलिस के पास है। विपक्षी दलों को तो मुद्दा चाहिए। इस मुद्दे पर इससे ज्यादा उनका बोलना ठीक नहीं है।
यह भी पढ़ें: IAS की बेटी से छेड़छाड़ः बराला पर भाजपा हाईकमान खफा, राहुल ने भी किया ट्वीट
कुंडू चौगामा खाप ने जाम लगाया
पानीपत के इसराना में आइएएस की बेटी के समर्थन में शाहपुर गांव में कुंडू चौगामा खाप के सैकड़ों लोगों ने सोमवार दोपहर लगभग ढाई बजे नेशनल हाईवे 71 ए पर आंशिक रूप से जाम लगा दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला का पुतला भी फूंका।
खाप ने सरकार को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि पिता-पुत्र पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन की राह पर उतर आएंगे। मामले को लेकर 10 अगस्त को हरियाणा समस्त कुंडू खाप के साथ-साथ नौल्था चौबीसी की बैठक गांव शाहपुर के राजीव गांधी खेल स्टेडियम बुलाई गई है। खाप ने पुलिस कर्मचारियों को सस्पेंड करने की मांग भी की।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।