'शिक्षक 15 मिनट पहले पहुंचेंगे, CCTV कैमरों में ऑडियो अनिवार्य'; पंचकूला में स्कूलों के लिए सख्त आदेश जारी
पंचकूला जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा के लिए नौ सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनमें शिक्षकों की समय पर उपस्थिति, सीसीटीवी में ऑडियो रिकॉर्डिंग और छोटे बच्चों को अभिभावकों को सौंपने जैसे नियम शामिल हैं।

विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी ने सख्त कदम उठाए। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
शिक्षकों को स्कूल शुरू होने से 15 मिनट पहले पहुंचना होगा।
सीसीटीवी कैमरों में आवाज रिकॉर्डिंग और लाइव निगरानी अनिवार्य।
छोटे बच्चों को छुट्टी पर अभिभावकों को सौंपेंगे शिक्षक।
जागरण संवाददाता, पंचकूला। स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी ने सख्त कदम उठाए हैं। जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के लिए नौ दिशा-निर्देश जारी कर इन्हें तत्काल प्रभाव से लागू करने के आदेश दिए गए हैं।
अब स्कूलों में शिक्षकों की ड्यूटी से लेकर बच्चों की आवाजाही और छुट्टी के समय उन्हें अभिभावकों के सुपुर्द करने तक की व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से सोमवार को जारी पत्र में सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों और प्राथमिक विद्यालयों के मुखियाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित व्यवस्थाओं का सख्ती से पालन करवाएं।
निर्देशों के अनुसार, सभी शिक्षकों को स्कूल शुरू होने के निर्धारित समय से 15 मिनट पहले पहुंचना होगा। उपस्थिति दर्ज करवाने के बाद उन्हें तुरंत अपनी कक्षाओं में जाना होगा। किसी भी कक्षा को शिक्षक के बिना खाली नहीं छोड़ा जाएगा और खाली कक्षाओं में ताला लगाना अनिवार्य होगा।
स्कूलों में मध्यांतर के दौरान भी बच्चों की सुरक्षा के लिए शिक्षकों की जिम्मेदारी तय की गई है। बच्चों की आवाजाही पंक्तिबद्ध तरीके से होगी और इस दौरान शिक्षक उनके साथ मौजूद रहेंगे। मध्यांतर समाप्त होने के बाद दोबारा उपस्थिति दर्ज की जाएगी। इसके लिए गलियारों, मैदान, शौचालय और मुख्य गेट पर शिक्षकों की ड्यूटी का रोस्टर तैयार करना होगा।
यह भी पढ़ें- बच्ची का सिर बेंच पर पटका, बालों से घसीटा; ईंट से 12 बार किया हमला... हरियाणा में तीसरी कक्षा का छात्र बना हैवान
सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू रखने होंगे
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों में लगे सीसीटीवी कैमरों को हर समय चालू रखने के निर्देश दिए हैं। कैमरों में आवाज रिकॉर्ड करने की सुविधा भी होनी चाहिए और लाइव निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
इसके अलावा कक्षाओं में ईंट, पत्थर, ब्लेड, कैंची, सरिया और पाइप जैसी वस्तुएं रखने पर रोक लगाई गई है। दरवाजों को ईंट से रोकने के बजाय डोर स्टॉपर का इस्तेमाल करना होगा। विद्यार्थियों के शौचालय जाने के लिए पास प्रणाली लागू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सबसे अहम निर्देश छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर है। बालवाटिका से कक्षा दूसरी तक के बच्चों को छुट्टी के समय अध्यापक स्वयं उनके अभिभावकों को सौंपेंगे। वहीं, दोहरी पाली में चलने वाले स्कूलों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार निर्धारित करने होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।