विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न घर गई मासूम और ना ही स्कूल..., एक महीने बाद भी खौफ; पंचकूला में तीसरी कक्षा के छात्र ने किया था हमला

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:05 AM (GMT+05:30)

पंचकूला के सरकारी स्कूल में एक महीने पहले हुए हमले के बाद भी केजी की छात्रा सदमे में है। वह न तो घर जा पा रही है और न ही स्कूल, जिससे परिवार को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

क्लासरूम में बच्ची पर हुआ था हमला। (एआई जनरेटेड इमेज)

क्लासरूम में बच्ची पर हुआ था हमला। (एआई जनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. एक महीने बाद भी बच्ची स्कूल जाने से डर रही।

  2. हमले के बाद परिवार आर्थिक मुश्किलों से जूझ रहा।

  3. स्कूल प्रबंधन से बच्ची के पिता ने मुआवजा मांगा।

अंकेश ठाकुर, पंचकूला। सेक्टर-20 स्थित सरकारी स्कूल में हुए हमले के एक महीने बाद भी केजी में पढ़ने वाली मासूम डरी और सहमी हुई है। बच्ची पर क्लासरूम में तीसरी के छात्र ने लात-घूंसों व ईंट से बेरहमी से हमला किया था।

एक महीना बीत जाने के बावजूद बच्ची न तो गांव कुंडी में किराये वाले अपने घर गई है और न ही स्कूल। बच्ची पीरमुच्छला में अपने चाचा के घर पर रह रही है।

बच्ची के साथ हुई क्रूरता के बाद से परिवार कई मुश्किलों से गुजर रहा है। बच्ची के पिता काम पर नहीं जा पा रहे हैं। बच्ची अभी स्कूल जाने की हालत में नहीं है। वहीं बच्ची की बड़ी बहन भी स्कूल छोड़ चुकी है।

बड़ी बहन परिवार से कहती है कि वह उस स्कूल में नहीं पढ़ेगी, जहां उसकी बहन के साथ मारपीट हुई थी। बच्ची के चेहरे के जख्म भर गए हैं, लेकिन वह सदमे से बाहर नहीं निकल पाई है।

बच्ची के पिता का कहना है कि एक महीना पहले की उस घटना को याद कर मन उदास हो आता है। बच्ची धीरे-धीरे ठीक हो रही है, लेकिन उसके मन में डर अभी भी है। बच्ची अकेली नहीं रह सकती और पिता उसके साथ साए की तरह रहते हैं। घटना के बाद तीन बार बच्ची को चेकअप के लिए पीजीआई ले जाया जा चुका है।

ज्यादा चलने पर जाती है थक 

पिता का कहना है कि बच्ची परिवार के दूसरे बच्चों के साथ पहले की तरह घुल-मिल रही है। वह बच्चों के साथ खेलने भी लगी है, लेकिन थोड़ी देर बाद ही वह थक जाती है। अभी भी वह ज्यादा चल दौड़ नहीं पा रही। कभी-कभी वह घर से बाहर जाने की जिद भी करती है, लेकिन वह थोड़ी देर चलने पर थक जाती है।

स्कूल को लेटर देकर मांगा मुआवजा

बच्ची के पिता ने बताया कि उन्होंने स्कूल को लिखित में चिट्ठी देकर मुआवजा दिए जाने की मांग की है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को साफ तौर पर कहा है कि वह बच्ची को इस स्कूल में नहीं पढ़ाएंगे। वहीं, बच्ची और उसकी बड़ी बहन का किसी प्राइवेट स्कूल में एडमिशन करवाएंगे।

यह भी पढ़ें- बच्ची का सिर बेंच पर पटका, बालों से घसीटा; ईंट से 12 बार किया हमला... हरियाणा में तीसरी कक्षा का छात्र बना हैवान

घटना के बाद क्या-क्या हुआ

  • 28 अक्टूबर दोपहर बाद 3 से 4 बजे के बीच छह साल की बच्ची पर क्रूरता से हमला हुआ था।
  • बच्ची का पिता खून से लथपथ बेटी को प्राइवेट अस्पताल ले गया, वहां से बच्ची को सेक्टर-6 सरकारी अस्पताल भेजा गया। जहां से उसे रात 12 बजे पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया था।
  • 30 अक्टूबर को घटना का खुलासा हुआ।
  • 31 अक्टूबर को पुलिस ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज किया। शिक्षा विभाग ने दो महिला शिक्षकों को निलंबित किया। इसी दिन हमला करने वाले छात्र को आब्जर्वेशन होम अंबाला भेजा गया।
  • 01 नवंबर को स्कूल प्रिंसिपल को लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड किया गया।
  • 02 नवंबर को हमला करने वाले छात्र का जीएमसीएच-32 में माइंड मैपिंग टेस्ट हुआ।
  • 03 नवंबर को बच्चे के मेंटल मैपिंग टेस्ट की रिपोर्ट में उसके एबनार्मल होने की बात सामने आई थी।
  • 04 नवंबर को बच्ची को पीजीआई से छुट्टी दी गई थी। इसी दिन तीसरी के बच्चे को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया था और उसे वहां से जमानत मिली थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।