विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विदेशी करंसी समेत 40 लाख कैश और 1.46 करोड़ के गहने..., पंचकूला में गिरफ्तार GST सुपरिंटेंडेंट के घर से बरामद

Published: Sat, 21 Nov 2026 01:25 PM (IST)

पंचकूला में रिश्वत लेते गिरफ्तार सीजीएसटी सुपरिंटेंडेंट के घर से सीबीआई ने करोड़ों की नकदी, विदेशी मुद्रा और सोना-चांदी बरामद किया है। कुल 1.86 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ बैंक खातों और निवेश के दस्तावेज भी मिले, जिनकी जांच जारी है।

जीएसटी सुपरिंटेंडेंट के घर से 1.86 करोड़ की नकदी, सोना-चांदी और विदेशी मुद्रा बरामद। (एआई जनरेटेड फोटो)

जीएसटी सुपरिंटेंडेंट के घर से 1.86 करोड़ की नकदी, सोना-चांदी और विदेशी मुद्रा बरामद। (एआई जनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. 10 लाख रुपये रिश्वत लेते किया गया था गिरफ्तार।

  2. घर से 1.86 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद हुई।

  3. बैंक खातों, निवेश के दस्तावेज भी सीबीआई को मिले।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंचकूला में दस लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार सीजीएसटी (केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर) के सुपरिंटेंडेंट लवकुश कुमार के घर से सीबीआई को करोड़ों रुपये की नकदी और कीमती सामान मिला है।

पंचकूला में तैनात अधिकारी के आवास पर की गई तलाशी में भारतीय और विदेशी मुद्रा, सोना, चांदी तथा अन्य कीमती सामान सहित करीब 1.86 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद हुई है।

सीबीआई ने 19 नवंबर को अधिकारी के खिलाफ रिश्वत मांगने के आरोप में केस दर्ज किया था। आरोप था कि वह एक निजी कंपनी के खिलाफ जीएसटी कार्रवाई में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत मांग रहा था।

यह भी पढ़ें- CBI की पंचकूला में बड़ी कार्रवाई, 10 लाख रिश्वत लेते CGST का सुपरिंटेंडेंट गिरफ्तार; मांगे थे 50 लाख

सीबीआई ने किया था गिरफ्तार

इसी दिन पंचकूला में जाल बिछाकर उसे शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 20 नवंबर को सीबीआई ने आरोपित के आवास पर तलाशी अभियान चलाया।

इस दौरान 24.29 लाख रुपये भारतीय मुद्रा, करीब 15.65 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा और लगभग 1.46 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, सोने की ईंटें और चांदी बरामद की गई। इन सभी की कुल कीमत करीब 1.86 करोड़ रुपये आंकी गई है।

छह बैंक खातों और निवेश के दस्तावेज मिले

तलाशी के दौरान सीबीआई को छह बैंक खातों, निवेश पोर्टफोलियो, जीवन बीमा पॉलिसी और कई अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। इसके अलावा आरोपित और उसके परिवार के सदस्यों के वाहन तथा वित्तीय लेनदेन से संबंधित रिकॉर्ड भी बरामद किया गया है।

सीबीआई अब बरामद दस्तावेजों की जांच कर रही है। एजेंसी का उद्देश्य आरोपित और उसके परिवार के सदस्यों की संपत्तियों, निवेश तथा वित्तीय लेनदेन का पता लगाना है। जांच में यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि बरामद संपत्तियां उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से मेल खाती हैं या नहीं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।