CBI की पंचकूला में बड़ी कार्रवाई, 10 लाख रिश्वत लेते CGST का सुपरिंटेंडेंट गिरफ्तार; मांगे थे 50 लाख
सीबीआई ने पंचकूला में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के सुपरिंटेंडेंट लवकुश कुमार को 10 लाख रिश्वत लेते हुए ...और पढ़ें

सीजीएसटी का सुपरिंटेंडेंट रिश्वत लेेते हुए गिरफ्तार। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
25 से 30 करोड़ के फर्जी जीएसटी इन्वायस का मामला।
भारी जुर्माना नहीं लगाने के बदले मांगी थे 50 लाख।
आरोपित के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद हुई।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने वीरवार को पंचकूला में तैनात केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के एक सुपरिंटेंडेंट को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोपित लवकुश कुमार ने एक निजी फर्म को 25 से 30 करोड़ रुपये के फर्जी जीएसटी इन्वायस पर राहत देने और भारी जुर्माना नहीं लगाने के बदले 50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। सीबीआई ने गिरफ्तारी के बाद आरोपित के कब्जे से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है।
सीबीआई की ओर से 19 नवंबर को दर्ज मामले के अनुसार, एक निजी फर्म के पार्टनर ने शिकायत दी थी कि सीजीएसटी सुपरिंटेंडेंट ने शुरुआत में उससे 50 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
आरोप है कि फर्म के खिलाफ चल रही जीएसटी कार्यवाही में अनुचित लाभ पहुंचाने, भारी जुर्माना नहीं लगाने और आगे डिमांड नोटिस जारी नहीं करने के बदले यह रकम मांगी गई थी।
शिकायत के बाद रिश्वत की मांग घटाकर 20 लाख रुपये कर दी गई थी। इसमें 10 लाख रुपये पहली किस्त के तौर पर देने की बात तय हुई थी। सीबीआई की ओर से की गई प्राथमिक जांच और मांग के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने के आरोपों की पुष्टि हुई।
इस दौरान आरोपित ने रिश्वत की मांग बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी, जबकि पहली किस्त के रूप में 10 लाख रुपये लेने पर सहमति जताई। इसके बाद सीबीआई ने पंचकूला में जाल बिछाया।
इस दौरान सीजीएसटी सुपरिंटेंडेंट को शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। सीबीआई ने आरोपित को हिरासत में लेकर रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है।