'आदमपुर की दुकान नंबर 107 से चलेगी मेरी राजनीति', कांग्रेस में वापसी की अटकलों पर कुलदीप बिश्नोई ने लगाया विराम
हरियाणा भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने कांग्रेस में वापसी की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि उनका कांग्रेस से कोई लगाव नहीं है।

कांग्रेस से किसी तरह का लगाव नहीं, दुकान नंबर 107 से चलेगी मेरी राजनीति: कुलदीप बिश्नोई।
HighLights
कांग्रेस में वापसी की अटकलों को कुलदीप बिश्नोई ने नकारा
आदमपुर में 'दुकान नंबर 107' को बनाया राजनीतिक मुख्यालय
समर्थकों को एकजुट करने के लिए प्रदेशभर में कर रहे कार्यक्रम
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने कांग्रेस में वापसी अथवा कांग्रेस नेताओं के साथ किसी तरह की बातचीत की अटकलों पर विराम लगा दिया है।
उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस से उनका कोई लगाव नहीं है और न ही उनकी कांग्रेस के किसी नेता से मुलाकात हुई है। उन्होंने यहां तक कहा कि वह कांग्रेस के किसी नेता से मुलाकात भी नहीं करेंगे।
कुलदीप बिश्नोई के इस बयान को ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब उनके समर्थक लगातार भाजपा में राजनीतिक भूमिका और अनदेखी को लेकर सवाल उठाते रहे हैं।
अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में जुटे कुलदीप बिश्नोई
कुलदीप बिश्नोई इन दिनों प्रदेशभर में अपने पुराने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में जुटे हैं। इसके लिए वे जिलों में जलपान और स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। अब तक सात जिलों में ऐसे कार्यक्रम हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि पुराने कार्यकर्ता उन्हें बुला रहे हैं और वे प्रदेश के बाकी जिलों का भी दौरा करेंगे। कुलदीप बिश्नोई सोमवार को चंडीगढ़ आए हुए थे।
उन्होंने पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात की और बाद में परिवहन मंत्री अनिल विज से मिले। इस दौरान उन्होने अपने समर्थक हैफेड के चेयरमैन एडवोकेट वीरेंद्र शर्मा को पंचकूला में कार्यभार ग्रहण कराया।
यह भी पढ़ें- 'भजन लाल के समर्थक पूरी तरह मेरे और भाजपा के साथ', कुलदीप बिश्नोई का बड़ा दावा
दुकान नंबर 107 से चलेगी कुलदीप बिश्नोई की राजनीति
कुलदीप बिश्नोई ने आदमपुर में अपने पिता पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भजनलाल की पहचान रही दुकान नंबर 107 में नया घर बनाया है। उन्होंने घोषणा की है कि यहीं उनका राजनीतिक मुख्यालय होगा और प्रदेश की तमाम राजनीतिक गतिविधियों का संचालन यहीं से किया जाएगा।
उनका कहना है कि तीन-चार साल से बंद पड़ी इस दुकान के दोबारा खुलने से कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों में उत्साह लौटा है। आदमपुर चौधरी भजनलाल की पहचान है।
विधानसभा चुनाव में बेटे भव्य बिश्नोई को कांग्रेस के प्रत्याशी ने हराया था
आदमपुर विधानसभा चुनाव में कुलदीप के बेटे भव्य बिश्नोई को कांग्रेस के चंद्र प्रकाश से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में कुलदीप की प्रदेशव्यापी सक्रियता और आदमपुर में राजनीतिक मुख्यालय की स्थापना को उनके समर्थक आधार को फिर संगठित करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर उन्होंने कहा कि वे पूजा-पाठ करते हैं और शास्त्री उन्हें बता रहे हैं कि उनके सितारे बुलंदियों पर हैं। आने वाले समय में यह दिख भी जाएगा।
यह भी पढ़ें- नया घर, पुरानी सियासत... आदमपुर में कुलदीप बिश्नोई ने दिखाई ताकत; गृह प्रवेश के बाद अब क्या है मास्टरप्लान?