हरियाणा के इन 5 कांग्रेस नेताओं का बढ़ा कदम, मिली ये अहम जिम्मेदारी
हरियाणा के पांच कांग्रेस नेताओं को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में राष्ट्रीय सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। इन्हें गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान और बिहार जैसे विभिन्न राज्यों से नियुक्त किया गया है, जबकि कुछ को नई भूमिकाएं भी मिली हैं।

हरियाणा के इन 5 कांग्रेस नेताओं का बढ़ा कदम, मिली ये अहम जिम्मेदारी ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
पांच हरियाणा कांग्रेस नेताओं को राष्ट्रीय सचिव पद मिला।
दीपक राठौर, सुनील अहिरे हरियाणा से राष्ट्रीय सचिव बने।
प्रदीप नरवाल, सुभाषिनी यादव, मनोज बागड़ी को अन्य राज्यों से जिम्मेदारी।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के पांच कांग्रेस नेताओं को पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में इन पांचों नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।
हरियाणा से सिर्फ दो नेताओं दीपक राठौर और सुनील अहिरे को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। खास बात यह है कि दीपक राठौर और सुनील अहिरे दोनों ही मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले नहीं हैं, लेकिन उन्हें हरियाणा से राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है।
हिमाचल का चुनाव भी लड़ चुके दीपक राठौर
दीपक राठौर हिमाचल प्रदेश की ठियोंग विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं और तेलंगाना राज्य के लिए संगठन पर्यवेक्षक के रूप में जिम्मेदारी निभा चुके हैं। सुनील अहिरे मूल रूप से महाराष्ट्र के मुंबई के रहने वाले हैं। राष्ट्रीय स्तर पर वह कांग्रेस के प्रवक्ता रह चुके हैं।
हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव कथूरा के रहने वाले प्रदीप नरवाल को बिहार से कांग्रेस सचिव बनाया गया है। पहले वह हरियाणा से ही राष्ट्रीय सचिव थे। उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी रह चुके प्रदीप नरवाल ने बवानीखेड़ा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। दिवंगत समाजवादी नेता शरद यादव और डॉ रेखा यादव की बेटी सुभाषिनी यादव को गुजरात से कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।
कांग्रेस की प्रभारी भी रह चुकी है सुभाषिनी यादव
जेडीयू हरियाणा के पूर्व अध्यक्ष कमलवीर सिंह के बेटे राजकमल के साथ सुभाषिनी यादव को सचिव बनाया गया है। सुभाषिनी यादव गुजरात कांग्रेस की प्रभारी रह चुकी हैं और बिहार की बिहारीगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं।
कांग्रेस ओबीसी के राष्ट्रीय समन्वयक रह चुके योगेंद्र योगी को महाराष्ट्र से राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ हरियाणा के अध्यक्ष मनोज बागड़ी को राजस्थान से राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। फतेहाबाद के रहने वाले डॉ विनीत पुनिया को कांग्रेस कम्युनिकेशुन, पब्लिसिटी, मीडिया (सोशल-डिजिटल) का इंचार्ज बनाया गया है। विनीत पुनिया पहले हरियाणा से राष्ट्रीय सचिव थे।
उनके अलावा चिरंजीव राव और चेतन चौहान को इस बार राष्ट्रीय सचिव पद से अलग करते हुए नई जिम्मेदारी नहीं मिली है। हरियाणा के 24 कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रीय सचिव बनने के लिए इंटरव्यू दिए थे।
यह भी पढ़ें- लखीसराय: 293 भूमिहीन परिवारों को घर बनाने के लिए मिलेगी 3-3 डिसमिल जमीन, 20 नवंबर तक की डेडलाइन तय
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।