Maha Kumbh 2025: महाकुंभ में इस दिन डुबकी लगाएगी नायब कैबिनेट, CM नायब सैनी मंत्रिमंडल के साथ जाएंगे प्रयागराज
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में हरियाणा के सीएम नायब सैनी अपनी पूरी कैबिनेट के साथ डुबकी लगाएंगे। उत्तर प्रदेश सरकार ने हरियाणा सहित सभी राज्य सरकारों को महाकुंभ में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। वहीं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ हरियाणा से लगभग 30 हजार लोगों को लेकर महाकुंभ जाएगा। बता दें कि महाकुंभ 13 जनवरी से शुरू होकर 29 फरवरी तक चलेगा।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपनी पूरी कैबिनेट और कुछ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ (MahaKumbh 2025) में शामिल होने जाएंगे। मुख्यमंत्री और उनकी कैबिनेट महाकुंभ में डुबकी लगाएंगे।
नायब सरकार के प्रयागराज जाने का कार्यक्रम तय हो गया है। फिलहाल सात फरवरी का कार्यक्रम तय हुआ है। इससे पहले कोई मंत्री, सांसद या विधायक अपने स्वयं के स्तर पर महाकुंभ में डुबकी लगाने जाना चाहता है तो वह परिवार के साथ जाने को स्वतंत्र होंगे।
13 जनवरी से 26 फरवरी तक चलेगा महाकुंभ
प्रयागराज में महाकुंभ 13 जनवरी से शुरू हुआ है और 26 फरवरी तक चलेगा। हरियाणा से भी लाखों श्रद्धालुओं के प्रयागराज जाने का अनुमान है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को महाकुंभ में लेकर जाने का कार्यक्रम बनाया है।
सीएमओ (मुख्यमंत्री कार्यालय) द्वारा हरियाणा कैबिनेट के प्रयागराज कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। उत्तर प्रदेश सरकार व प्रशासन के साथ बातचीत चल रही है, ताकि कैबिनेट को महाकुंभ स्नान के दौरान किसी तरह की परेशानी ना आए।
पिछले दिनों मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महाकुंभ जाने का ऐलान किया था। सरकार ने प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी प्रकार के प्रबंध करने के निर्देश जिलों के अधिकारियों को दिए हैं।
यूपी सरकार ने भेजा है निमंत्रण
महाकुंभ में देशभर से करोड़ों श्रद्धालु पहुंचेंगे। हरियाणा के श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी ना हो, इसके लिए प्रशासन बंदोबस्त करने में जुटा है। मुख्य रूप से आरएसएस द्वारा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं के जत्थे प्रयागराज भेजने का प्रबंध किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से हरियाणा सहित सभी राज्यों की सरकारों को महाकुंभ का निमंत्रण भेजा गया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना की ओर से हरियाणा के स्पीकर हरविन्द्र कल्याण को भी महाकुंभ का विशेष न्योता भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- हरियाणा को कब मिलेगा विपक्ष का नेता? पूर्व स्पीकर अशोक अरोड़ा की बढ़ी चिंता, कहा- देरी से कांग्रेस को हो रहा नुकसान
हरविन्द्र कल्याण होंगे स्टेट गेस्ट
विधानसभा स्पीकर हरविन्द्र कल्याण अगर महाकुंभ में जाते हैं तो उन्हें वहां स्टेट गेस्ट घोषित किया जाएगा। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने यहां राजभवन में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मुलाकात कर उन्हें महाकुंभ का निमंत्रण दिया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी भी उनके साथ मौजूद रहे। हरियाणा व पंजाब की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में महाकुंभ को लेकर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा रोड-शो का आयोजन किया जा चुका है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।