कूड़े-कचरे भी बड़े काम की चीज, हरियाणा में बनेगी इसकी बिजली व खाद
हरियाणा सरकार राज्य में कूड़ा-कचरा से बिजली और खाद बनाएगी। इसके लिए सरकार राज्य में संयंत्र लगाएगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। कूड़ा-कचरा भी बड़े काम की चीज है। जी हां,यह एकदम सही है। इससे खाद बनाया जा सकती है और बिजली पैदा की जा सकती है। ऐसे में हरियाणा के शहरों से निकलने वाले कचरे से सरकार बिजली उत्पादन और खाद तैयार करने का फैसला किया है। हरियाणा सरकार ने बुधवार को विधानसभा में यह जानकारी दी।
राज्य में कचरे के निपटान के लिए प्रदेश के सभी नगर निगमों, नगर परिषदों तथा नगर पालिकाओं को 14 कलस्टर में बांटा गया है। इन कलस्टर में अलग-अलग शहरी निकायों को जोड़ा गया है। कहीं बिजली बनाने का प्रोजेक्ट लगेगा तो कहीं खाद बनाई जाएगी। शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने बुधवार को थानेसर से भाजपा विधायक सुभाष सुधा के सवाल पर सरकार का पक्ष रखा।
राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश को 14 कलस्टर में बांटा, कचरे से कुरुक्षेत्र में बिजली और फतेहाबाद में बनेगी खादसुभाष सुधा ने सरकार से पूछा था कि कुरुक्षेत्र के ठोस कचरा प्रबंधन के लिए सरकार ने क्या नीति बनाई है। बाकी विधायकों ने भी अपने मुद्दे उठाए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं टोहाना के विधायक सुभाष बराला ने भी सरकार से अपने क्षेत्र में कचरा प्रबंधन प्लांट लगाने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में शराब पीकर गाड़ी चलाई तो खैर नहीं, गैरजमानती अपराध हुआ
शहरी निकाय मंत्री कविता जैन ने बताया कि कुरुक्षेत्र जिले में तीन पालिकाएं शाहबाद, थानेसर व पिहोवा को अंबाला-कुरुक्षेत्र-करनाल कलस्टर से जोड़ा गया है, जबकि चौथी पालिका लाडवा यमुनानगर कलस्टर के अधीन होगी। इसके लिए टेंडर भी आमंत्रित किए जा चुके हैं, लेकिन एक ही पार्टी की वजह से फिर से टेंडर होंगे। अब 15 अप्रैल को नया टेंडर लगेगा।
उन्हाेंने बताया कि इस प्लांट पर 265 करोड़ रुपये खर्च होंगे और कचरे से बिजली उत्पादन होगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने भूना प्लांट के लिए सीएम की घोषणा का मुद्दा उठाया। इस पर कविता जैन ने कहा कि इस प्लांट के साथ फतेहाबाद, भूना, रतिया, टोहाना व उकलाना मंडी की पालिकाओं को जोड़ा जाएगा। साढ़े 45 करोड़ से अधिक लागत का यह प्लांट कचरे से खाद बनाएगा। इसके लिए भी फिर से टेंडर आमंत्रित किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: होटल के कमरे में थे युवक-युवती, अचानक हालत बिगड़ी तो अस्पताल में छोड़ भागा प्रेमी
कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने भिवानी में कांग्रेस सरकार द्वारा घोषित किए गए प्लांट पर सवाल किया। कविता जैन ने कहा कि मौजूदा सरकार ने भिवानी, बवानीखेड़ा, दादरी व लोहारू की पालिकाओं का कचरा निस्तारण के लिए प्लांट का टेंडर किया है। अगस्त 2019 तक इसे पूरा कर लिया जाएगा।